आरोपी के घर से १.२५ किलो सोना,
५१ लाख नकद, बीएमडब्ल्यू कार बरामद
सामना संवाददाता / मुंबई
पुलिस ने एक ऐसे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को गिरफ्तार किया है, जो अपना ठाठ-बाट दिखाकर महिलाओं को अपने झांसे में लेता था और शादी का वादा कर उनसे लाखों रुपए की ठगी करता था। कई महिलाओं को फंसानेवाला इन्फ्लुएंसर द्वारा किए जा रहे धोखाधड़ी का राज खुल गया और गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के घर से १.२५ किलो सोना, ५१ लाख नकद, बीएमडब्ल्यू कार और चार महंगे मोबाइल को जब्त किया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, ठाणे के हीरानंदानी एस्टेट निवासी एक ३० वर्षीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर ८ लाख ८९ हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जहां वह अक्सर मॉडलिंग से जुड़ी सामग्री पोस्ट करता है। उसने कथित तौर पर अपने ऑनलाइन प्रभाव का दुरुपयोग करके कई महिलाओं को भावनात्मक रूप से प्रभावित किया, उन्हें शादी का झांसा दिया और फिर झूठे बहाने बनाकर पैसे ऐंठ लिए। नगर पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि डोंबिवली की रहनेवाली ३० साल की महिला सितंबर २०२४ में ऐप पर इन्फ्लुएंसर से मिली थी। धीरे-धीरे उसके संबंध बनने लगे। आरोपी ने पहले खुद को एक सफल मॉडल के रूप में पेश किया और बताया कि वह हाई-प्रोफाइल प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहा है।
धोखाधड़ी में कई बार हो चुका है गिरफ्तार
कई बार कॉन्टेक्ट करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने कोई जवाब नहीं दिया तो अहसास हो गया कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। पीड़िता ने इस मामले में नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, जांच में पता चला है कि आरोपी ने इसी तरह शादी का झांसा देकर कई महिलाओं को लूटा है। आरोपी के खिलाफ इससे पहले कापुरबावड़ी पुलिस स्टेशन में दो ऐसे ही धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं, जिनमें उसने पीड़ितों से ४३ लाख और १९ लाख की ठगी की थी और अपनी हालिया गिरफ्तारी के समय वह जमानत पर बाहर था।
