उत्तर प्रदेश प्रांतीय सिविल सेवा (कार्यकारी शाखा) संघ ने राजधानी लखनऊ में अपना स्थायी पीसीएस भवन बनाए जाने की दिशा में ठोस कदम बढ़ा दिया है। प्रस्तावित भवन में जहां पीसीएस संघ का कार्यालय स्थापित किया जाएगा, वहीं प्रदेश के विभिन्न जनपदों से शासकीय कार्यों के लिए लखनऊ आने वाले पीसीएस अधिकारियों के ठहराव हेतु गेस्ट हाउस की सुविधा भी विकसित की जाएगी। पीसीएस संघ के अध्यक्ष पुष्पराज सिंह द्वारा जारी कार्यालय ज्ञापन में बताया गया है कि वर्तमान में लखनऊ में न तो पीसीएस संघ का कोई स्थायी कार्यालय है और न ही अधिकारियों के ठहराव के लिए कोई गेस्ट हाउस उपलब्ध है, जबकि सचिवालय, उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ सहित विभिन्न प्रशासनिक एवं न्यायिक कार्यों के लिए अधिकारियों को बार-बार राजधानी आना पड़ता है। ऐसे में अधिकारियों को निजी होटलों या अस्थायी व्यवस्थाओं पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे असुविधा के साथ आर्थिक बोझ भी बढ़ता है। इस दिशा में आगे बढ़ते हुए पीसीएस संघ ने लगभग दो एकड़ भूमि के चयन के लिए ११ सदस्यीय समिति का गठन कर दिया है। समिति में पीसीएस संघ के महासचिव वैभव मिश्रा को अध्यक्ष तथा मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव पंकज कुमार को सचिव बनाया गया है। समिति में एडीएम (एफ/आर) लखनऊ राकेश कुमार सिंह, अपर आयुक्त देवीपाटन मंडल मीनू राना, एडीएम (एफ/आर) आजमगढ़ गंभीर सिंह, उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी संघ लखनऊ के प्रधान प्रबंधक सादाब असलम, आवास विकास परिषद लखनऊ के उप सचिव चंदन पटेल, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) उन्नाव अभिलाष यादव, एडीएम प्रोटोकॉल आगरा प्रशांत कुमार, पीसीएस संघ के कोषाध्यक्ष डॉ. संतोष उपाध्याय तथा उप जिलाधिकारी प्रयागराज गणेश कन्नौजिया को शामिल किया गया।
