राजेश सरकार / प्रयागराज
खेल रही मासूम को पिकअप ने कुचल दिया। हादसा उस समय हुआ जब चालक, पिकअप बैक कर रहा था, इतने में गाड़ी का पिछला पहिया दो साल की बच्ची पर चढ़ा दिया। जिससे उसका पूरा शरीर सड़क पर रबर की भांति चिपक गया। इस दर्दनाक हादसे की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। हादसे के बाद चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। मासूम की मां ने देखा तो दौड़ते हुए पहुंची थी, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी है। दुर्घटना से पहले बच्ची के पिता समेत अन्य परिजन उसकी दादी के अंतिम संस्कार में गांव गए थे। यह हादसा गंगानगर के मऊआइमा क्षेत्र में सुल्तानपुर खास गांव के पास की है। जानकारी के मुताबिक, सुल्तानपुर खास गांव में साहू धर्मकांटा है। धर्मकांटे के बगल अनिल कुमार पटेल रहते हैं। अनिल और उनकी पत्नी की दो साल की बेटी पीहू और दस महीने का बेटा प्रिंस है। शनिवार शाम को पीहू की दादी सुमारी देवी का निधन हो गया था। रविवार सुबह उनका अंतिम संस्कार होना था। अनिल और अन्य परिजन सभी अंतिम संस्कार के लिए प्रयागराज शहर आए थे। घर पर सिर्फ पीहू और उसकी मां थी। मां शीला उसे बाहर खेलने के लिए ले गई थी। पीहू खेल रही थी और मां थोड़ी दूरी पर खड़ी थी। इस दौरान धर्मकांटा पर मौजूद पिकअप का चालक गाड़ी बैक करने लगा, तभी पीहू पर पिछला पहिया चढ़ गया। दुर्घटना अचानक हुई और बच्ची को कोई बचा नहीं सका। दुर्घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। मऊआइमा थाना प्रभारी पंकज अवस्थी ने बताया कि परिजन की शिकायत पर धर्मकांटा मालिक, पिकअप चालक और गाड़ी मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
