भरतकुमार सोलंकी
मुंबई
कभी सोचा है कि बीमा पॉलिसी आखिर होती क्या है? क्या वह सुरक्षा का माध्यम है या बचत का साधन या फिर निवेश का जरिया? अक्सर लोग बीमा, सेविंग और इन्वेस्टमेंट – इन तीनों शब्दों को एक ही अर्थ में समझ लेते हैं, जबकि सच्चाई यह है कि ये तीनों अलग-अलग रास्ते हैं, जिनका मकसद भी अलग है। इन तीनों के कॉम्बिनेशन से जो प्रोडक्ट बनते हैं, वे आम लोगों को भ्रमित करते हैं और इसीलिए यह जरूरी है कि हम इनकी असली पहचान समझें।
सबसे पहले बात करते हैं ‘इंश्योरेंस’ यानी बीमा की। बीमा का सीधा, सरल और पारदर्शी रूप होता है टर्म प्लान। इसे आप वैसे ही समझिए जैसे अपनी कार, बाइक, दुकान, घर या पैâक्ट्री का बीमा करवाते हैं। अगर कोई अनहोनी होती है तो बीमा कंपनी नुकसान की भरपाई करती है। पर अगर सब कुछ ठीक-ठाक चलता है, तो बीमा की रकम वापस नहीं मिलती। ठीक यही सिद्धांत टर्म प्लान पर भी लागू होता है। यह केवल रिस्क कवर देता है – यानी किसी अनहोनी की स्थिति में आपके परिवार को सुरक्षा। इसमें न मैच्योरिटी वैल्यू होती है, न बोनस, न रिफंड। लेकिन यही सबसे सच्चा बीमा है, क्योंकि इसका मकसद ‘कमाई नहीं, सुरक्षा’ है। अब बात करते हैं ‘सेविंग’ यानी बचत की। बचत का मतलब है – अपनी कमाई का एक हिस्सा ब्याज के आधार पर सुरक्षित रखना। बैंक की एफडी, पीपीएफ, एनएससी, गवर्नमेंट बॉन्ड या डाकघर योजनाएं – ये सभी सेविंग इंस्ट्रूमेंट्स हैं। इनमें पैसा बढ़ता तो है, पर धीरे-धीरे और सीमित दर से। यह पैसा शॉर्ट टर्म जरूरतों के लिए होता है – जैसे किसी बच्चे की पढ़ाई, शादी, या इमरजेंसी फंड। बचत की खासियत है – सुरक्षा और स्थिरता, पर इसकी सीमा भी यही है कि यह अमीरी की ओर नहीं ले जाती। अब तीसरा और सबसे शक्तिशाली शब्द – ‘इन्वेस्टमेंट’ यानी निवेश। यह वह माध्यम है जो आपकी संपत्ति को लंबी अवधि में गुणात्मक रूप से बढ़ाता है। इन्वेस्टमेंट का संबंध ‘जोखिम’ से नहीं, बल्कि ‘समय’ से हैं। स्टॉक मार्वेâड, म्यूचुअल फंड्स, रियल एस्टेट – ये सभी लॉन्ग टर्म इंस्ट्रूमेंट्स हैं। निवेश में रिटर्न ज्यादा है, लेकिन धैर्य और समझ की भी जरूरत है। अगर सेविंग पानी की बूंद हैं, तो इन्वेस्टमेंट वह नदी है जो धीरे-धीरे समुद्र (वेल्थ) बनाती है। अब सवाल उठता है – जब इन तीनों की भूमिकाएं इतनी अलग हैं, तो इन्हें एक साथ क्यों जोड़ा गया? यहीं से शुरू होती है कॉम्बिनेशन पॉलिसी की कहानी – यानी ट्रेडिशनल प्लान और यूलिप। ट्रेडिशनल प्लान में बीमा और सेविंग को मिलाया गया, जिससे उत्पाद महंगे हो गए और रिटर्न घट गए। वहीं यूलिप में बीमा के साथ इन्वेस्टमेंट (इक्विटी) जोड़ा गया, जिससे लंबी अवधि में बेहतर रिटर्न की संभावना बनी। पर ध्यान रहे – हर कॉम्बिनेशन में कुछ समझौते भी होते हैं और निवेशक को इन्हें समझकर निर्णय लेना चाहिए। सारांश: बीमा सुरक्षा देता है, बचत स्थिरता देती है और निवेश समृद्धि। तीनों की अपनी जगह हैं, पर सबसे पहले सुरक्षा (इंश्योरेंस), फिर स्थिरता (सेविंग) और उसके बाद वृद्धि (इन्वेस्टमेंट) – यही सही क्रम है। अगर आप इन तीनों के संतुलन को समझ गए, तो आपकी आर्थिक यात्रा सुरक्षित, स्थिर और समृद्ध – तीनों बन जाएगी।
