मुख्यपृष्ठस्तंभतहकीकात : शक में ली पत्नी की जान!... भट्ठी में डाल पति...

तहकीकात : शक में ली पत्नी की जान!… भट्ठी में डाल पति ने पत्नी को जलाया

फिरोज खान

एक प्राइवेट स्कूल में अंजलि टीचर थी। साल २०१६ में उसकी शादी हुई और शादी के बाद उसे दो बच्चे हुए। अंजलि के परिवार में सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था। अंजलि का पति पुणे में फेब्रिकेशन का काम करता था। असल में अंजलि का पति अमरावती का रहनेवाला था, लेकिन काम के सिलसिले में पुणे में एक किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहता था। पति और पत्नी में बड़ा प्यार था। अंजलि का स्वभाव न केवल काफी मिलनसार था, बल्कि वो हर किसी से बड़ी ही खुशमिजाजी से मिलती थी। खैर, एक दिन अंजलि अचानक अपने घर से गायब हो गई। अंजलि के यूं अचानक गायब हो जाने के बाद बौखलाया हुआ पति पुलिस स्टेशन पहुंचा और पुलिस स्टेशन में उसने अपनी पत्नी अंजलि के गायब होने की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस द्वारा छानबीन किए जाने के बावजूद जब अंजलि का कहीं पता नहीं चला तो उसका पति आए दिन पुलिस स्टेशन पहुंचकर अपनी पत्नी अंजलि को ढूंढ निकालने के लिए पुलिस पर दबाव बनाने लगा। अब पुलिस को उसकी हरकतों पर शक होने लगा। पुलिस ने अंजलि के पति से पूछताछ की, लेकिन पूछताछ में पुलिस को ऐसा कोई सुराग नहीं मिला, जिससे पुलिस को उस पर शक कोई शक हो। खैर, पुलिस अपना काम कर रही थी। आसपास के सीसीटीवी वैâमरों को पुलिस अभी खंगाल ही रही थी कि तभी एक चौंका देनेवाली तस्वीर सामने आई। फुटेज में दिखाई दिया कि अंजलि का पति अंजलि को लेकर कहीं जा रहा है और यह फुटेज उसी दिन का था, जिस दिन अंजलि गायब हुई थी। अब पति पर पुलिस का शक गहरा गया और उसे हिरासत में लेकर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ शुरू की तो पुलिस के सामने रूह कंपा देनेवाली जानकारी सामने आई। दिल दहला देनेवाले इस कांड को सुनकर पुलिस सन्न रह गई। सारी दास्तान सुनने के बाद पुलिस सोच में पड़ गई कि आखिर कोई शख्स अपनी पत्नी को इतने घिनौने तरीके से वैâसे मार सकता है। दिल व दिमाग को झन्ना देनेवाली वारदात को अंजाम देने से पहले उसे रहम क्यों नहीं आया? आरोपी के हाथ क्यों नहीं कांपे? आरोपी पति ने पुलिस को बताया कि हत्या करने से पहले उसने खेड शिवापुर के करीब गोगलवाड़ी स्थित एक गोडाउन किराए पर लिया। पत्नी अंजलि को घुमाने के मकसद से वो उसे लेकर गोडाउन पहुंचा। अंजलि को उसने बातों में उलझाए रखा और लोहा पिघलाने वाली भट्ठी तैयार की और मौका मिलते ही उसने उसमें अपनी पत्नी अंजलि को धकेल दिया। पलभर में भट्ठी में शोले भड़कने लगे और कुछ ही देर में अंजलि जलकर खाक हो गई। पुलिस ने जब अंजलि के आरोपी पति से इतनी क्रूरता से अंजलि को मारने की वजह पूछी तो आरोपी पति ने बताया कि उसे अंजलि पर शक था कि उसका किसी और से अफेयर चल रहा है। इसी बात से क्रोधित होने के बाद उसने अपनी पत्नी अंजलि का काम तमाम कर दिया।

अन्य समाचार