-मसूद अजहर की बहन ने संभाला मोर्चा
-रोजाना ४० मिनट चलेगी `जिहादी’ क्लास
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
पाकिस्तान से `आतंक’ का धंधा चलाने वाला जैश-ए-मोहम्मद अब `जिहाद’ की नई क्लास लेकर आया है। जैश-ए-मोहम्मद अब ५०० रुपए में लड़कियों, महिलाओं को जिहाद की ट्रेनिंग देनेवाला है।
बता दें कि अक्टूबर महीने की शुरुआत में सामने आया था कि संयुक्त राष्ट्र की ओर से नामित आतंकवादी संगठन और पाकिस्तान की ओर से समर्थन प्राप्त जैश-ए-मोहम्मद एक महिला ब्रिगेड बनाने की तैयारी कर रहा है। अब मिले एक नए दस्तावेज से पता चलता है कि यह समूह महिलाओं की भर्ती और फंड जुटाने के लिए एक ऑनलाइन प्रशिक्षण कोर्स भी चला रहा है। ऑनलाइन लाइव लेक्चर के जरिए भर्ती अभियान ८ नवंबर से शुरू होने की योजना है। रोजाना ४० मिनट के ऑनलाइन `जिहाद’ की क्लास चलेगी। मौलाना मसूद अजहर ने इस महिला ब्रिगेड की कमान अपनी छोटी बहन सादिया अजहर को सौंपी है। संगठन को मजबूत करने और अधिक महिलाओं को अपनी महिला ब्रिगेड में शामिल करने के मकसद से इस कोर्स के तहत जैश-ए-मोहम्मद के नेताओं के पारिवारिक सदस्य जिनमें मसूद अजहर और उसके कमांडरों के रिश्तेदार शामिल हैं। महिलाओं को जिहाद, धर्म और इस्लाम के नजरिए से उनकी जिम्मेदारियां सिखाएंगे।
महिलाओं के ब्रेनवॉश के लिए निकाली रैली
`ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पाकिस्तानी आतंकी संगठन बौखला गए हैं। जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल रैलियों के जरिए नए जिहादियो की भर्ती कर रहे हैं। जैश की एक ऐसी ही रैली की तैयारियों का वीडियो सामने आया है। ये रैली मुजफ्फराबाद में आयोजित की जा रही है।
