भारत और न्यूजीलैंड के बीच इंदौर में खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे से पहले टीम इंडिया का एक मजेदार वीडियो सामने आया है। मैच शुरू होने से पहले टीम बस में चढ़ते वक्त यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल के बीच हल्की नोकझोंक देखने को मिली। इस घटना ने पैंâस के बीच काफी चर्चा बटोरी। दरअसल, यशस्वी जायसवाल टीम बस की ओर आगे-आगे बढ़ रहे थे और ध्रुव जुरेल उनके पीछे चल रहे थे। इसी दौरान ध्रुव ने यशस्वी को छेड़ दिया, जो शायद उन्हें पसंद नहीं आया। इसके बाद यशस्वी ने मजाकिया अंदाज में ध्रुव की ओर हाथ उठाते हुए थप्पड़ दिखा दिया। हालांकि उन्होंने थप्पड़ मारा नहीं और ध्रुव जुरेल बाल-बाल बच गए। वीडियो में यह साफ नहीं हो पाया कि ध्रुव ने ऐसा क्या किया था, जिससे यशस्वी की यह प्रतिक्रिया आई। लेकिन पूरे वीडियो को देखने से यह मामला पूरी तरह मस्ती और मजाक का लगता है। खास बात यह रही कि दोनों खिलाड़ी मुस्कुराते हुए बस में चढ़ते नजर आए, जिससे साफ हो गया कि टीम का माहौल काफी खुशमिजाज है।
