मुख्यपृष्ठनए समाचारशिवसेना की गुट नेता बनीं किशोरी पेडणेकर ...कोकण भवन में हुआ पंजीकरण

शिवसेना की गुट नेता बनीं किशोरी पेडणेकर …कोकण भवन में हुआ पंजीकरण

सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना नगरसेविका और पूर्व महापौर किशोरी पेडणेकर को मुंबई मनपा में शिवसेना के गुट नेता पद पर नियुक्त किया गया है। गुट नेता चुने जाने के बाद पेडणेकर ने शिवसेना के निर्वाचित नगरसेवकों की उपस्थिति में कोकण भवन स्थित विभागीय आयुक्त कार्यालय में शिवसेना के आधिकारिक गुट का पंजीकरण कराया। मुंबई मनपा के हाल ही में संपन्न चुनावों में शिवसेना के ६५ नगरसेवक निर्वाचित हुए हैं। मनपा में चुने गए प्रत्येक दल के लिए अपने गुट का आधिकारिक पंजीकरण कोकण भवन स्थित विभागीय आयुक्त कार्यालय में कराना अनिवार्य होता है। पंजीकरण के बाद संबंधित नगरसेवकों का गुट उस पार्टी का आधिकारिक गुट माना जाता है।
मनपा में किसी भी प्रस्ताव को पारित करने के लिए मतदान की आवश्यकता होने पर उस गुट द्वारा लिया गया रुख ही संबंधित पार्टी की आधिकारिक स्थिति माना जाता है। वहीं गुट नेता पार्टी और गुट की ओर से सदन तथा समितियों में पार्टी का पक्ष प्रस्तुत करता है। इसी कारण मनपा में गुट नेता का पद अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। इससे पहले क्रम में शिवसेना भवन में शिवसेना के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में हुई बैठक में नगरसेविका किशोरी पेडणेकर के नाम पर गुट नेता के रूप में अंतिम मुहर लगाई गई।

शिवसेना ने मुझ पर अत्यंत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इस जिम्मेदारी का निर्वहन करते समय मुझे वरिष्ठ नगरसेवकों और शिवसेना के सभी नेताओं का मार्गदर्शन मिलेगा। शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे और शिवसेना नेता व युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को मैं पूरी निष्ठा और मजबूती से निभाऊंगी।
-किशोरी पेडणेकर, गुट नेता, (शिवसेना)

शिवसेना की ओर से चार बार नगरसेविका
शिवसेना की आक्रामक नेता के रूप में पहचानी जाने वाली किशोरी पेडणेकर लगातार चौथी बार नगरसेविका चुनी गई हैं। हाल ही में हुए चुनाव में उन्होंने वर्ली के वार्ड क्रमांक १९९ से शिंदे गुट की उम्मीदवार रूपल कुसले को पराजित कर जीत दर्ज की।

अन्य समाचार