भारत दौरे पर आई न्यूजीलैंड की टीम कुछ प्रमुख खिलाड़ियों के बिना उतरी थी, फिर भी उसने भारतीय टीम को कड़ी चुनौती दी। वनडे सीरीज के तीनों मुकाबलों में कीवी बल्लेबाज डैरिल मिचेल टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी परेशानी बने। पहले मैच से ही शानदार फॉर्म में चल रहे मिचेल ने तीसरे वनडे में भी बेहतरीन शतक जड़कर भारत को दबाव में डाल दिया। इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए निर्णायक मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी की। शुरुआती दो विकेट जल्दी गिरने के बाद मिचेल ने मोर्चा संभाला और संयम के साथ आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए १३७ रन की दमदार पारी खेली। यह उनके वनडे करियर का नौवां शतक था। हालांकि, टीम इंडिया ने इस बार उन्हें आउट कर दिया, लेकिन उनकी पारी से भारतीय खिलाड़ी काफी परेशान नजर आए। मिचेल जब आउट होकर मैदान से लौट रहे थे, तभी विराट कोहली ने उन्हें हल्का सा धक्का दिया, जिसने सबका ध्यान खींच लिया। बाद में साफ हुआ कि यह गुस्से में नहीं, बल्कि मजाक और खेल भावना के तहत किया गया दोस्ताना इशारा था।
