फिल्म ‘जन्नत’ से इंडस्ट्री में कदम रखनेवाली गायिका-एक्ट्रेस सोनल चौहान का गुस्सा सोशल मीडिया में जमकर फूटा है। उन्होंने पेड निगेटिव पीआर और सोशल मीडिया ट्रोलिंग जैसे मुद्दों पर एक पोस्ट के जरिए खुलकर बात करते हुए कहा कि किसी को नीचा दिखाकर कोई ऊपर नहीं उठ सकता। सोनल का मानना है कि बॉलीवुड में कॉम्पिटिशन होना चाहिए, लेकिन वो सकारात्मक और रचनात्मक हो। ट्रोलिंग और पेड नेगेटिविटी से न सिर्फ एक्टर्स की मानसिक शांति प्रभावित होती है, बल्कि उनके काम और मेहनत पर भी बुरा असर पड़ता है। उन्होंने आगे कहा, ‘एक्टर्स के खिलाफ चल रही ये पेड पीआर अब बंद होनी चाहिए। इतनी नेगेटिविटी की कोई जरूरत नहीं है। किसी को बुरा दिखाकर कोई अच्छा नहीं बन सकता। हम एक-दूसरे के लिए खुश क्यों नहीं हो सकते? सब बहुत मेहनत करते हैं, अगर हम सपोर्ट करें, तो इंडस्ट्री का माहौल बहुत बेहतर हो सकता है। हमें बस थोड़ा सकारात्मक रहना है।’
