हिमांशु राज
लखनऊ में वॉर ड्रामा फिल्म 120 बहादुर का जोश पूरे शबाब पर दिखा, जब फिल्म का पहला गीत दादा किशन की जय लॉन्च हुआ। यह कार्यक्रम सिर्फ एक संगीत समारोह नहीं, बल्कि देशभक्ति और सम्मान का उत्सव बन गया। हजारों प्रशंसकों की मौजूदगी में फरहान अख्तर, गायक सुखविंदर सिंह, मेजर शैतान सिंह भाटी (पीवीसी) के पुत्र नरपत सिंह, रेजांग ला के दो वीर सैनिक – सूबेदार ऑनरेरी कैप्टन रामचंद्र यादव और हवलदार निहाल सिंह (एसएम), तथा शहीदों के परिजन मौजूद थे।
जैसे ही सलीम-सुलेमान द्वारा संगीतबद्ध और जावेद अख्तर द्वारा लिखे इस गीत को सुखविंदर सिंह ने आवाज दी, पूरा वातावरण जयकारों और गर्व की भावना से भर गया। हर सुर में उन अमर वीरों की गाथा गूंज उठी, जिन्होंने मातृभूमि के लिए प्राण न्योछावर कर दिए।
रजनीश ‘रैज़ी’ घई के निर्देशन में बनी 120 बहादुर 1962 के भारत-चीन युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें 13 कुमाऊं रेजिमेंट के 120 जवानों की अटूट बहादुरी को चित्रित किया गया है। फरहान अख्तर ने मेजर शैतान सिंह भाटी की भूमिका निभाई है, जिन्होंने लड़ाई के मैदान में कहा था—हम पीछे नहीं हटेंगे। एक्सेल एंटरटेनमेंट और ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज़ द्वारा निर्मित यह फिल्म 21 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में दर्शकों के सामने अपनी वीरता की अनोखी कहानी लेकर आएगी।
