मुख्यपृष्ठटॉप समाचारमहायुति सरकार की ‘हाउसिंग रेवड़ी’...सांसदों और विधायकों को सिर्फ साढ़े नौ लाख...

महायुति सरकार की ‘हाउसिंग रेवड़ी’…सांसदों और विधायकों को सिर्फ साढ़े नौ लाख में फ्लैट!..आम आदमी को म्हाडा देती है बाजार भाव में

रामदिनेश यादव / मुंबई

महायुति सरकार के राज में भ्रष्टाचार का बोलबाला तो है ही, अब ये सरकार सांसदों और विधायकों को ‘हाउसिंग रेवड़ी’ भी गिफ्ट में देने जा रही है। इसके तहत सांसदों व विधायकों को सिर्फ साढ़े नौ लाख रुपए में फ्लैट दिए जाएंगे। ये फ्लैट म्हाडा के होंगे। हैरानी की बात है कि म्हाडा आम आदमी को यही फ्लैट बाजार भाव में काफी महंगे भाव पर देती है।
गौरतलब है कि जहां आम आदमी को अपने सपने का घर बनाने में जीवन गुजर जाता है, वहीं लाखों रुपए का मानधन पाने वाले सांसदों व विधायकों के लिए राज्य सरकार की हाउसिंग संस्था म्हाडा मात्र ९.५ लाख रुपए में चकाचक फ्लैट लेकर आई है। आश्चर्य की बात है कि सांसदों और विधायकों को अत्यंत अल्प आय की श्रेणी में रखते हुए उन्हें यह घर गिफ्ट करने की योजना बनाई गई है।
हाल ही में म्हाडा के कोकण मंडल की ओर से ५,२८५ घरों को लॉटरी के लिए घोषित किया गया है। इसके लिए आवेदन भी आमंत्रित किया गया है। इसमें विधानसभा, विधान परिषद के सदस्य और पूर्व सदस्य के लिए ९८ घर आरक्षित रखे गए हैं। राज्य के विधायकों और सांसदों के लिए आरक्षित म्हाडा के ९८ घरों की कम से कम कीमत केवल साढ़े नौ लाख रुपए रखी गई है। ये घर कल्याण में होंगे। ये घर अत्यल्प आय वर्ग में आते हैं।
अत्यल्प आय वर्ग के घर
एक विधायक की वर्तमान मासिक आय एक लाख रुपए से ज्यादा होती है। इसके अलावा महंगाई भत्ता भी मिलता है, ऐसे में अत्यल्प आय वर्ग में विधायकों और सांसदों को मौका देने का क्या मतलब है? यह जनता भी समझ नहीं पा रही है। आखिर कौन विधायक व सांसद इस श्रेणी में आवेदन करेगा यह भी देखना होगा।
नेताओं ने नहीं लिए घर तो

-आम आदमी को दे दिए जाएंगे!..नेताओं ने नहीं लिए घर तो आम आदमी को दे दिए जाएंगे!

-विधायक व सांसदों को सस्ते घर देगी सरकार

महायुति सरकार अब सांसदों व विधायकों को म्हाडा के घर काफी सस्ते भाव पर देने जा रही है। जानकारों की मानें तो सांसदों के लिए जो घर आरक्षित हैं, यही घर आम जनता को बाजार भाव पर दिए जाते हैं। बाजार में इनकी कीमत २० से ३० लाख के ऊपर बताई जा रही है। जबकि २ बीएचके और थ्री बीएचके घर की कीमत आम जनता के लिए ५० लाख के ऊपर आंकी गई है। अगर नेताओं ने ये घर नहीं लिए तो आम आदमी को दे दिए जाएंगे।
आम आदमी को महंगे दाम पर दिए जानेवाले यही घर सांसदों और विधायकों को न्यूनतम दर पर दिए जा रहे हैं। इस पर म्हाडा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र गृहनिर्माण और क्षेत्र विकास अधिनियम १९७६ के अनुसार, आय वर्ग के हिसाब से विधायकों व सांसदों के लिए घर आरक्षित रखने पड़ते हैं। अगर इन घरों के लिए विधायक व सांसद से आवेदन नहीं आते हैं तो ये घर खुले वर्ग के आवेदकों को दे दिए जाते हैं। बता दें म्हाडा की ओर से ठाणे शहर, कल्याण सहित जिले में कई अन्य ठिकानों तथा वसई में कुल ५,२८५ फ्लैट्स और अन्य ठिकानों पर ७७ फ्लैट्स की बिक्री के लिए लॉटरी घोषित की गई है। इसके लिए पंजीकरण और आवेदन भरने की प्रक्रिया कल से शुरू हुई। एक सितंबर को लॉटरी निकाली जाएगी।

अन्य समाचार