मुख्यपृष्ठनए समाचारमासूमों की थाली में जहर परोस रही ‘महायुति’ ... अंधेरी के आंगनवाड़ी...

मासूमों की थाली में जहर परोस रही ‘महायुति’ … अंधेरी के आंगनवाड़ी में खिचड़ी से निकले कीड़े!

एक महिला मंडल पर शक की सुई, जिम्मेदारी से झाड़ा पल्ला
सामना संवाददाता / मुंबई
महायुति सरकार मासूम बच्चों को पोषण के नाम पर जहर परोस रही है। इसी तरह का एक मामला मुंबई के अंधेरी की आंगनवाड़ी में सामने आया है। यहां बच्चों को परोसी जा रही खिचड़ी से कीड़े निकले हैं, जिसने सरकारी ठेकेदारी और निगरानी व्यवस्था की पोल खोल दी। इस गड़बड़ी को एक आंगनवाड़ी सेविका ने न पकड़ा होता, तो मासूमों की थाली में यह दूषित व जहरीला भोजन परोसा जा चुका होता, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। हैरानी की बात है कि इससे जुड़े महिला मंडल ने मामले से अपना पल्ला झाड़ लिया है।

यह घटना हत्या से कम नहीं!
बच्चों के भोजन में कीड़े मिलने पर सांसद का फूटा गुस्सा

बच्चों के भोजन में कीड़े मिलने की घटना ने महायुति सरकार की लापरवाही उजागर कर दी है। इस घोर लापरवाही पर कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड ने महायुति सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि यह घटना बच्चों की हत्या से कम नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना ३१ अगस्त को अंधेरी के करतार अस्पताल के पास आंगनवाड़ी संख्या १३६ में सामने आई। यहां सेविकाओं को भोजन उपलब्ध कराने के लिए एक महिला मंडल द्वारा आपूर्ति की गई खिचड़ी में कीड़े मिले। गनीमत रही कि बच्चों को खाना परोसने से पहले ही इस दूषित भोजन का पता चल गया। इस घटना से चिंतित, आंगनवाड़ी कर्मचारी संघ ने एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना कार्यालय में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई और जवाबदेही की मांग की। इसके बाद आईसीडीएस अधिकारियों ने घटना की पुष्टि की और कहा कि जांच चल रही है। परियोजना विकास अधिकारी अब्दुल चौधरी ने कहा है कि हम इस मामले की जांच कर रहे हैं। इसी के साथ ही निष्कर्षों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, संबंधित महिला मंडल ने जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया है। मंडल की सचिव दीप्ति सर्वडेकर ने कहा है कि गट गुणवत्तापूर्ण भोजन मुहैया कराता है। उन्होंने कहा है कि हमें अपने भोजन पर गर्व है। अगर आंगनवाड़ी कर्मचारियों ने अपने घरों में खिचड़ी बनाई है, तो हमें इस मामले के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
तुरंत जवाबदेही तय करने की मांग
इस बीच यूनियन नेताओं ने तुरंत जवाबदेही तय करने की मांग की। आंगनवाड़ी कर्मचारी यूनियन के महासचिव राजेश सिंह ने कहा कि इस तरह की लापरवाही से बच्चों को खतरा है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।

गहरी चिंता का विषय
सांसद वर्षा गायकवाड ने कहा कि आंगनवाड़ियों में घटिया भोजन की बार-बार होने वाली घटनाएं गहरी चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि अंधेरी की एक आंगनवाड़ी में छोटे बच्चों को दिए जाने वाले भोजन में कीड़े पाए जाने की घटना सामने आई है। ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं। बच्चों को अच्छा पोषण मिलने की उम्मीद तो की जाती है, लेकिन हम जो देख रहे हैं, वह लापरवाही है। क्या ऐसा दूषित भोजन परोसने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी? इसकी तुरंत जांच होनी चाहिए और सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।

अन्य समाचार