जेदवी / मुंबई
पान मसाला विज्ञापनों को लेकर उठे विवाद के बीच बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को फिलहाल कानूनी राहत मिल गई है। राष्ट्रीय उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग (एनसीडीआरसी) ने उनके खिलाफ जारी जमानती वारंटों के क्रियान्वयन पर अंतरिम रोक लगाते हुए मामले की अगली सुनवाई तक किसी भी दंडात्मक कार्रवाई पर विराम लगा दिया है।
मामला एक चर्चित पान मसाला ब्रांड के विज्ञापन से जुड़ा है, जिस पर उपभोक्ताओं को गुमराह करने का आरोप लगाया गया है। कोटा के उपभोक्ता आयोग में दायर शिकायत में दावा किया गया कि संबंधित विज्ञापन भ्रामक है और आम लोगों को गलत संदेश देता है। इसी शिकायत के आधार पर जिला उपभोक्ता आयोग ने सलमान खान के खिलाफ जमानती वारंट जारी किए थे। जिला आयोग के आदेश को चुनौती देते हुए सलमान खान ने पहले राज्य उपभोक्ता आयोग का दरवाजा खटखटाया, लेकिन वहां से राहत नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग का रुख किया। मामले की सुनवाई के दौरान एनसीडीआरसी ने जिला और राज्य आयोग से पूरे मामले का रिकॉर्ड तलब कर लिया और वारंटों के निष्पादन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी।
सभी पक्षों को नोटिस
राष्ट्रीय आयोग ने मामले से जुड़े सभी पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अगली सुनवाई तक सलमान खान के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। हालांकि, यह केवल अंतरिम राहत है और मामले का अंतिम पैâसला अभी आना बाकी है।
