मुख्यपृष्ठनए समाचारचेंबूर के घाटला व खारदेव नगर क्षेत्र में मलेरिया-डेंगू का कहर...रहिवासी दहशत...

चेंबूर के घाटला व खारदेव नगर क्षेत्र में मलेरिया-डेंगू का कहर…रहिवासी दहशत में!

-राकांपा (शरदचंद्र पवार) ने दी कीटनाशक फॉगिंग नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

सगीर अंसारी / मुंबई

चेंबूर स्थित घाटला, खारदेव नगर, मुक्ती नगर, पाटीलवाडी, भाजी मार्केट और आनंद नगर जैसे झोपड़पट्टी व मध्यवर्गीय इलाकों में मलेरिया, डेंगू, टायफाइड और वायरल बुखार जैसी बीमारियों ने दस्तक दी है। लगातार हो रही बारिश और जगह-जगह जमा गंदे पानी से मच्छरों की ब्रीडिंग बढ़ने से क्षेत्र के नागरिक डरे हुए हैं।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बीएमसी (एम-वेस्ट विभाग) ने अब तक कीटनाशक दवाओं की फॉगिंग शुरू नहीं की है। डेंगू और मलेरिया के बढ़ते मामलों को लेकर इलाके में स्वास्थ्य संकट गहराता जा रहा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के चेंबूर तालुका अध्यक्ष दिपक सावंत ने बीएमसी से मांग की है कि वह तत्काल प्रभाव से कीटनाशक दवाओं की फवारणी (फॉगिंग) शुरू करे, वरना पार्टी चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
उन्होंने कहा, “प्लास्टिक की छतों पर जमा पानी, गंदगी और दूषित जल के कारण क्षेत्र में बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। लोग बुखार, शरीर दर्द, उल्टी जैसी समस्याओं से परेशान हैं। अस्पतालों में भीड़ बढ़ती जा रही है।”
सावंत ने नागरिकों से अपील की है कि वे उबला और फिल्टर किया हुआ पानी पिएं तथा लक्षण दिखने पर तुरंत पालिका अस्पताल जाएं। साथ ही उन्होंने प्रशासन से निवेदन किया कि लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर की जाएं।
इलाके में बिगड़ती स्थिति को देखते हुए अब यह देखना होगा कि बीएमसी कब कार्रवाई करती है, या आंदोलन की नौबत आती है।

अन्य समाचार