अनिल मिश्र / रांची
झारखंड प्रदेश अंतर्गत मारवाड़ी युवा मंच रामगढ़ कैंट शाखा द्वारा आज मंगलवार को रामगढ़ स्थित आइलेक्स सिनेमा में फिल्म ‘हनुमान अंश’ का विशेष शो आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंच के सदस्यों एवं परिजनों सहित कुल इक्वन लोग शामिल हुए और सभी ने सामूहिक रूप से फिल्म का आनंद उठाया।हाल ही फिल्म ‘हनुमान अंश’ प्रसिद्ध संत एवं भगवान हनुमान के परम भक्त बाबा नीम करौली महाराज के जीवन और उनके आध्यात्मिक व्यक्तित्व पर आधारित है। फिल्म में उनके जीवन, भक्ति, सेवा और मानवता के संदेश को प्रस्तुत किया गया है। बाबा नीम करौली महाराज 20वीं सदी के प्रसिद्ध संतों में से एक थे। भगवान हनुमान के अनन्य भक्त माने जाने वाले बाबा का जीवन सादगी, सेवा और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा। उत्तराखंड स्थित कैंची धाम उनसे जुड़ा प्रमुख आध्यात्मिक स्थल है, जहां आज भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मारवाड़ी युवा मंच के इस आयोजन का उद्देश्य सदस्यों को मनोरंजन के साथ-साथ भारतीय आध्यात्मिक परंपरा और संतों के जीवन से जुड़े प्रेरणादायी संदेश से जोड़ना रहा। फिल्म के दौरान सभी सदस्यों में उत्साह का माहौल रहा। उपस्थित लोगों ने फिल्म को आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी बताते हुए आयोजन की सराहना की।
