मुख्यपृष्ठनए समाचाररतलाम स्कूल में मिड-डे मील घोटाला...खीर-पूड़ी की जगह बच्चों को परोसा सेव-मुरमुरे!..मोहन...

रतलाम स्कूल में मिड-डे मील घोटाला…खीर-पूड़ी की जगह बच्चों को परोसा सेव-मुरमुरे!..मोहन सरकार पर जमकर बरसी कांग्रेस

-वाह री भाजपा सरकार…अफसर खाए काजू-बादाम…बच्चों को रोटी भी नसीब नहीं

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से एक वीडियो सामने आया है, जिसने शासन के दावों पर सवाल उठा दिए हैं। वीडियो के वायरल होते ही मध्याह्न भोजन योजना को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं। स्कूल में बच्चों के दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन में किस तरह की लापरवाही बरती जा रही है इसका खुलासा भी हो गया है। वीडियो में दिख रहा है कि बच्चों को खाने की जगह पर सेव-मुरमुरे परोसे गए। इस पर कांग्रेस ने एमपी की भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला है और कहा है कि भाजपा के राज में जहां एक ओर अफसर एक घंटे के कार्यक्रम में तकरीबन १९ हजार के काजू-बादाम और किशमिश खा गए वहीं दूसरी ओर स्कूलों में बच्चों को रोटी तक नसीब नहीं हो रही है। ये बेहद शर्मनाक है।
मामला रतलाम जिले के लालगुवाड़ी गांव का है, जहां शासकीय प्राथमिक विद्यालय में राज्य शासन के आदेशानुसार मंगलवार के दिन मिड डे मील के मेन्यू में खीर और पूड़ी का वितरण अनिवार्य रूप से किया जाना था, लेकिन मेन्यू के विपरीत छात्र-छात्राओं को सेव-परमल वितरित कर दिया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि यह वीडियो २४ जून २०२५ का है, जो अब वायरल हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद जिला पंचायत सीईओ ने मामले को गंभीरता से लिया है और अधिकारियों की लापरवाही पर नोटिस देते हुए ३ दिन में जवाब देने को कहा है।
इसीलिए कुपोषण में अव्वल है एमपी
वहीं, कांग्रेस नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा, `एमपी वाकई अजब-गजब है, जहां अफसर तो `काजू-बादाम’ खाते हैं, लेकिन मिड-डे मील में बच्चों को सेव-मुरमुरे खिलाया जाता है। मुझे आश्चर्य नहीं कि क्यों हमारा प्रदेश कुपोषण में हमेशा ऊपर रहता है।’
बीते दिनों १९ हजार रुपए के काजू-बादाम खा गए थे अफसर
कुछ दिनों पहले ही भदवाही ग्राम पंचायत में जल चौपाल का आयोजन किया गया था, जिसमें प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर अन्य कर्मचारी और ग्रामीण शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम में अफसर तकरीबन १९ हजार रुपए के काजू-बादाम चबा गए थे।

अन्य समाचार