राजेश सरकार
प्रयागराज। यमुनानगर जोन के नैनी में वन विभाग के रिटायर्ड अधिकारी के यहां चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। क्षेत्र के इंदलपुर डांडी शंकर नगर में रहने वाले रिटायर्ड वनाधिकारी हरिशंकर सिंह के सूने मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने आभूषण और नगदी समेत लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। हरिशंकर सिंह, क्षेत्रीय वनाधिकारी पद से रिटायर हुए हैं। इन्होंने शंकर नगर, इंदलपुर डांडी में मकान बनाया है। परिवार संग वह अपने गांव सीतामढ़ी भदोही गए थे। सुनसान घर देख कर चोरों ने रेकी की। फिर मौका मिला तो ताला तोड़कर घर में अंदर घुसे। इसके बाद पूरे घर को खंगाला। गहने, नगदी, कपड़े-लत्ते, बर्तन आदि समेट कर चलते बने। पड़ोसियों से जानकारी मिलने पर हरिशंकर सिंह परिवार को लेकर आनन-फानन में घर पहुंचे। हरिशंकर सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना देने पर जांच पड़ताल को पहुंची थी। थाने में मुकदमा दर्ज करने को कहकर चली गई। भुक्तभोगी ने बताया कि अंदर घुसे चोरों ने दो बक्से तोड़कर गहने और नगदी निकाले थे।
