सुरेश गोलानी / मुंबई
दुनिया का ‘आठवां अजूबा’ और ‘मौत का जाल’ के नाम से मशहूर मीरा-भायंदर इलाके में स्थित ‘बैट’ के आकार वाले फ्लाईओवर पुल को बिना किसी तामझाम और भव्य उद्घाटन समारोह के रविवार को यातायात के लिए खोल दिया गया। कभी पुल के निर्माण में करोड़ों का भ्रष्टाचार का आरोप लगा के तो कभी पुल के पक्ष में ‘बैटिंग’ करके लगातार अपनी भूमिका बदलने वाले स्थानीय भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता ने अपने कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में इसका उद्घाटन कर दिया।
गौरतलब है कि मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) नियुक्त ठेकेदार द्वारा मेट्रो-९ रेल कॉरिडोर परियोजना के तहत निर्मित यह चार लेन का पुल अचानक उतरते समय दो लेन में सिमट जाता है, जिससे ट्रैफिक जाम और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ज्ञात हो कि क्रिकेट के बल्ले के आकार वाला यह फ्लाईओवर अपनी अजीबोगरीब डिजाइन के कारण दुनिया भर के लगभग हर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया था और नेटिजेंस द्वारा अलग-अलग तरह के मीम्स बनाकर इसका निर्माण करने वालों का खूब मजाक उड़ाया गया।
मनसे ने दिया था अल्टीमेटम
ज्ञात हो कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के शहर अध्यक्ष संदीप राणे ने शनिवार को चेतावनी दी थी कि लंबे समय से अटके पड़े इस विवादित पुल को ४८ घंटे के भीतर नहीं शुरू किया गया तो मनसे कार्यकर्ता खुद इसे जनता के लिए खोल देंगे। इस चेतावनी के बाद मेहता ने आनन-फानन में पुल को आवाजाही के लिए खोल दिया।
