मुख्यपृष्ठनए समाचारविधायक सुनील प्रभु की वन मंत्री गणेश नाईक से मांग

विधायक सुनील प्रभु की वन मंत्री गणेश नाईक से मांग

-वाघेश्वरी मंदिर को पर्यटन स्थल घोषित किया जाए

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई के मालाड-पूर्व स्थित प्राचीन वाघेश्वरी देवी मंदिर का जीर्णोद्धार, मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण तथा मंदिर तक जाने वाले मार्ग का कंक्रीटीकरण और डामरीकरण किया जाए। साथ ही, वाघेश्वरी मंदिर परिसर को पर्यटन स्थल घोषित किया जाए। यह मांग दिंडोशी विधानसभा क्षेत्र के शिवसेना विधायक सुनील प्रभु ने राज्य के वन मंत्री गणेश नाईक को पत्र लिखकर की है।
मालाड-पूर्व के संजय नगर स्थित संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में वाघेश्वरी देवी का अत्यंत प्राचीन मंदिर स्थित है। इस मंदिर में नियमित रूप से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक दर्शन के लिए आते हैं। हर वर्ष, विशेषकर वर्षा ऋतु में भी यहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ती है। हालांकि, मंदिर तक पहुंचने वाला मार्ग कच्चा होने के कारण बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हो जाता है, जिससे श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
विधायक सुनील प्रभु ने अपने पत्र में कहा है कि स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने पूर्व में भी मंदिर परिसर को पर्यटन स्थल घोषित करने की मांग लिखित रूप से की थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
अपने पत्र के माध्यम से विधायक सुनील प्रभु ने वन मंत्री गणेश नाईक से अनुरोध किया है कि वाघेश्वरी देवी में आस्था रखने वाले स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मंदिर का जीर्णोद्धार, परिसर का सौंदर्यीकरण और मार्ग का विकास किया जाए। साथ ही वाघेश्वरी मंदिर क्षेत्र को पर्यटन स्थल घोषित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं।

अन्य समाचार