मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई, ठाणे, पालघर सावधान! ...तेज रफ्तार से दस्तक दे सकता है ‘शक्ति’...

मुंबई, ठाणे, पालघर सावधान! …तेज रफ्तार से दस्तक दे सकता है ‘शक्ति’ साइक्लोन

अरब सागर में उठेंगी ऊंची-ऊंची लहरें
गुजरात के तट से २०० किमी है दूर
सामना संवाददाता / मुंबई
प्रकृति अपना रंग दिखा रही है। पहले बारिश, फिर कड़क धूप और अब साइक्लोन यानी तूफान की बारी है। अरब सागर में यह नया खतरा मंडरा रहा है। ‘शक्ति’ नाम का यह साइक्लोन दस्तक देने को बेताब है। यह तूफान मुंबई, ठाणे और पालघर में तेज रफ्तार से दस्तक दे सकता है। इस दौरान समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठ सकती हैं। फिलहाल यह गुजरात तट से २०० किलोमीटर की दूरी पर बताया जाता है।
मिली जानकारी के अनुसार, अरब सागर से उठा साइक्लोन तेज गति से आगे बढ़ रहा है। इस चक्रवाती तूफान ‘शक्ति’ की वजह से कई जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने पुष्टि की है कि २०२५ का पहला चक्रवाती तूफान ‘शक्ति’ उत्तर-पूर्व अरब सागर में आगे बढ़ रहा है। मुंबई, ठाणे, पालघर के अलावा रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग को भी अलर्ट कर दिया गया है और ५ से ७ अक्टूबर के बीच तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। आज उत्तरी महाराष्ट्र के तट पर तेज रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जो ६५ किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती हैं। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है।
८ किमी की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है
तूफान करीब ८ किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। हालांकि, कुछ मौसम विज्ञानियों को उम्मीद है कि यह तूफान यू-टर्न लेकर हिंदुस्थानी तट को छूते हुए निकल सकता है। मगर यहां इसका असर जरूर देखा जा सकता है। महाराष्ट्र के साथ ही गुजरात में भी इसका असर दिख सकता है।

अन्य समाचार