फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ में मुन्नी का किरदार निभाकर दर्शकों के बीच लोकप्रिय होनेवाली हर्षाली मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पर अपनी एक ऐसी तस्वीर शेयर की है, जिसे देखने के बाद पैंâस उन पर अपना प्यार लुटाते नजर आ रहे हैं। ‘बजरंगी भाईजान’ की रिलीज के १० वर्षों बाद साउथ में नंदमुरी बालकृष्ण के फिल्म ‘अखंड-२’ का ऑफर मिलने के बाद सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीर शेयर करते हुए हर्षाली ने लिखा, ‘एक खामोशी थी जो सब कुछ कह गई, एक मुस्कान थी जो दिल में रह गई। छोटी सी मुन्नी थी पर यादों में बड़ी बन गई। आज फिर एक कहानी लेकर आई हूं, इस बार लफ्जों के साथ, एक नई रोशनी बनकर छाई हूं। जननी से मिलिए-एक नई कहानी, एक नई भावना, मेरा एक नया अध्याय। वो हंसती है, वो सपने देखती है, वह दिल से बोलती है और मैंने हर सीन में अपनी आत्मा डाल दी है।’ हर्षाली की इस पोस्ट को देखने के बाद एक यूजर ने लिखा, ‘आप बहुत बड़ी एक्टर बनोगी, बधाई हो हर्षाली जी।’
