मुख्यपृष्ठस्तंभमुस्लिम वर्ल्ड : सीरिया में इजरायल का झंडा फहरा!..हाथ मलती रह गई जौलानी...

मुस्लिम वर्ल्ड : सीरिया में इजरायल का झंडा फहरा!..हाथ मलती रह गई जौलानी सरकार

सूफी खान

ईरान के बाद इजरायल ने सीरिया पर भी हमला करना शुरू कर दिया है। इजरायल ने सीरिया की राजधानी दमिश्क पर जोरदार हवाई हमला किया, जिसमें सीरिया के रक्षा मंत्रालय को निशाना बनाया गया। सोमवार से ही इजरायल सीरिया की इस्लामिक नेतृत्व वाली सरकार की सेना को निशाना बना रहा है। खबर है कि इजरायल के हमले के बाद दमिश्क में लोग जबरदस्त धमाकों से डर गए और आसमान में धुएं के गुबार देखे गए। सीरिया की सरकारी मीडिया ने बताया कि ये हमले इजरायल ने किए। इससे पहले इजरायल के रक्षा मंत्री ने चेतावनी दी थी कि दर्दनाक हमले होंगे।
गाजा और ईरान के बाद इजरायल ने जिस तरह से सीरिया पर घातक हमले किए हैं उससे पूरी दुनिया हिल गई है। इजरायल ने सीरिया के राष्ट्रपति भवन के पास भी बमबारी की है। इन हमलों के बाद इजरायल ने साफ शब्दों में कहा है कि दक्षिणी सीरिया में द्रूज समुदाय पर हुए हमलों को बर्दाश्त नहीं करेगा। सीरिया के अंतरिम राष्ट्रपति अहमद अल-शरा उर्फ अबू मोहम्मद जौलानी के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ अब तक की ये सबसे बड़ी इजरायली कार्रवाई मानी जा रही है। हाल के महीनों में यहां की सरकार ने अमेरिका और इजरायल से संबंध सुधारने की कोशिश भी की थी। इतना ही नहीं द्रूज कम्युनिटी के लोगों ने सीरिया के सुवैदा शहर में सीरीयन झंडा हटाकर इजरायली परचम लहरा दिया। वहीं अंतरिम प्रेसिडेंट अबू मोहम्मद जौलानी मीडिया में आए और कहा कि वो सीरिया को टूटने नहीं देंगे। द्रूज भी हमारे भाई हैं वो सीरिया का अटूट हिस्सा हैं। हम अपनी जमीन पर विदेशी दखल नहीं होने देंगे। लेकिन मिडिल ईस्ट एक्सपर्ट कहते हैं कि अब बाजी जौलानी के हाथ से निकल चुकी है। आज नहीं तो कल सीरिया का सीमावर्ती शहर सुवैदा इजरायल का हिस्सा बनेगा। जब कट्टरपंथी सरकारें किसी एक वर्ग या समाज का सपोर्ट करती हैं तो दूसरा पक्ष ताकत मिलते ही खेल कर देता है। इजरायल वैसे भी जमीन के लिए कुछ भी कर सकता है।

अन्य समाचार