मुख्यपृष्ठस्तंभमुस्लिम वर्ल्ड : कौन हैं खामेनेई के ‘मिसाइल मैन'?

मुस्लिम वर्ल्ड : कौन हैं खामेनेई के ‘मिसाइल मैन’?

-सूफी खान

-आते ही अमेरिका को धमकाया!

अमेरिका की ओर से बड़े और ताकतवर हमले की आशंका के बीच ईरान ने अपने ‘मिसाइल मैन’ को रक्षा मंत्री बनाया है। जनरल मेहरदाद अखलाकची ने ईरान का रक्षा मंत्री बनते ही अमेरिका पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान पर गैर-परमाणु हथियारों से बड़ा हमला करने की तैयारी कर रहा है।
जनरल मेहरदाद अखलाकची ने साफ कहा कि अगर अमेरिका ने ईरान पर ‘मदर ऑफ ऑल बॉम्ब्स’ से हमला करने की नादानी की, तो मध्य पूर्व में तैनात उसका एक भी सैनिक जिंदा वापस नहीं जा पाएगा। उन्होंने कहा कि ट्रंप को ईरान पर बम गिराने की योजना बनाने के बजाय इस बात की फिक्र करनी चाहिए कि मध्य पूर्व से अमेरिकी सैनिकों को सुरक्षित कैसे निकाला जाए।
ईरानी मीडिया के मुताबिक, ईरान के नए रक्षा मंत्री मेहरदाद अखलाकची रक्षा उद्योग से जुड़े बेहद अनुभवी अधिकारी रहे हैं। वह ईरान के एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज ऑर्गनाइजेशन और डिफेंस इंडस्ट्रीज ऑर्गनाइजेशन के प्रमुख रह चुके हैं। इन भूमिकाओं में उन्होंने मिसाइल तकनीक और हथियारों के उत्पादन से जुड़े कामों की देखरेख की। हालांकि, उन पर अंतर्राष्ट्रीय प्रतिबंध भी लगे हैं। अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र ने ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम से जुड़े होने के कारण उन पर प्रतिबंध लगाए हैं।
साल १९५७ में जन्मे मेहरदाद अखलाकची को ईरान के मिसाइल और एयरोस्पेस क्षेत्र का अनुभवी विशेषज्ञ माना जाता है। साल २०१४ में उन्हें ईरान के एयरोस्पेस क्षेत्र का प्रमुख बनाया गया। इस दौरान उन्होंने ईरान के अंतरिक्ष और रक्षा क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। खास तौर पर ड्रोन से लेकर अंतरमहाद्वीपीय मिसाइलों तक की तकनीक पर काम किया। ये ऐसी मिसाइलें हैं, जो अंतरिक्ष की ऊंचाई तक पहुंचकर वापस धरती पर आती हैं और दुश्मन देश को निशाना बनाने की क्षमता रखती हैं।
ईरान के नए रक्षा मंत्री ने पद संभालते ही एलान किया है कि उसका भारी लड़ाकू विमान अगले साल उड़ान भरेगा और इसे पूरी तरह ईरान में ही बनाया गया है। इस बीच, ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य और आसपास के समुद्री इलाकों में शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जहाजों पर हमलों की घटनाएं भी बढ़ गई हैं।
यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस के मुताबिक, रविवार सुबह यमन और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के तट के पास दो जहाजों पर हमले हुए। इससे पहले ईरान ने तीन जहाजों में आग लगने की जानकारी दी थी। इनमें से दो जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य के भीतर या आसपास समुद्री बारूदी सुरंगों की चपेट में आए थे।

अन्य समाचार