राजेश सरकार / प्रयागराज
यमुनानगर जोन में मेजा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जवाहर नवोदय विद्यालय को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग की स्थिति अत्यंत दयनीय और चिंताजनक हो गई है। बरसात के मौसम में यह अति महत्वपूर्ण मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो जाता है, जिससे राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग जवाहर नवोदय विद्यालय तक पहुंचने का एकमात्र जरिया है। वर्तमान में इसकी बदहाली के कारण मेजा खास, ग्राम बसहरा, बिगहना, सिटकी और रामनगर सहित कई अन्य गांवों के लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा, यह मार्ग कोरांव तहसील के कई हिस्सों को भी आपस में जोड़ता है। जगह-जगह हुए जलभराव के बावजूद स्थानीय ग्रामीण और स्कूली बच्चे इसी गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर हैं।
विकास के दावों की खुली पोल
यह मार्ग न केवल नवोदय विद्यालय, बल्कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं और शिक्षकों के आवागमन का भी मुख्य साधन है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इस मार्ग की लगातार अनदेखी की जा रही है, जो शासन-प्रशासन के विकास के दावों की पोल खोलता है।
प्रशासन से तत्काल मरम्मत की मांग
सड़क की इस खस्ताहाल स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (आरटीआई) के प्रदेश महासचिव व प्रयागराज मंडल प्रभारी विवेक पाण्डेय ने जिला प्रशासन और जिला पंचायत से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर सफर करना किसी चुनौती से कम नहीं है। विवेक पाण्डेय ने लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से अपील की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि छात्रों और ग्रामीणों को इस नारकीय स्थिति से निजात मिल सके।
