• एनसीसी कैंप का ग्रुप कमांडर ने किया शिविर का निरीक्षण
सामना संवाददाता/सुल्तानपुर
राणाप्रताप पीजी कॉलेज में चल रहे १८वीं यूपी बटालियन एनसीसी के दस दिवसीय वार्षिक कैंप के नवें दिन एनसीसी हेड क्वार्टर प्रयागराज के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर उपेन्द्र सिंह कांडिल्य ने निरीक्षण किया। उन्होंने वार्षिक कैंप में क्वार्टर गार्ड की सलामी ली। प्रशासनिक, आवास एवं भोजन व्यवस्था की जांच और निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल सैन्य प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उनको जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। जो देश के विकास और रक्षा दोनों में योगदान दें। एनसीसी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का एक सशक्त माध्यम है। एनसीसी युवाओं को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट नागरिक बनने की प्रेरणा देती है। एनसीसी विद्यार्थी को केवल एक अच्छा छात्र नहीं बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक और सच्चा देशभक्त बनने की दिशा में अग्रसर करती है। एनसीसी राष्ट्र निर्माण की वह पाठशाला है, जो विद्यार्थियों में कर्तव्य, अनुशासन और सेवा भावना का ऐसा संस्कार भरती है, जिससे वे देश के विकास और सुरक्षा में सदैव अग्रणी भूमिका निभा सकें। इस निरीक्षण में उनके साथ कैम्प कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल अरविंद सिंह यादव,डिप्टी कैम्प कमांडेंट सूबेदार मेजर इकबाल सिंह साथ रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय के अध्यक्ष संजय सिंह, प्रबंधक बालचंद्र सिंह, प्राचार्य प्रो डी के त्रिपाठी, एनसीसी अधिकारी आलोक कुमार, डॉ संतोष अंश, विनय सिंह आदि उपस्थित रहे।
