मुख्यपृष्ठनए समाचारजोधपुर एम्स के डॉक्टरों की लापरवाही ने ले ली मरीज की जान!...

जोधपुर एम्स के डॉक्टरों की लापरवाही ने ले ली मरीज की जान! …नाम के कन्फ्यूजन में दूसरे को चढ़ाया खून

देश के शीर्ष स्वास्थ्य संस्थान में सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
राजस्थान के जोधपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां स्थित एम्स अस्पताल में एक मरीज की गलत खून चढ़ाने से मौत हो गई। दरअसल, एक ही नाम के दो मरीजों का अस्पताल में इलाज चल रहा था। इस दौरान जूनियर डॉक्टर के मरीज को गलत खून चढ़ा दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। सीनियर डॉक्टरों ने देखा तो खून चढ़वाना रोका, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। घटना के बाद मृतक के परिजन अस्पताल परिसर में ही धरने पर बैठ गए। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जोधपुर में डॉक्टरों की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में गलत मरीज को खून चढ़ा दिया गया, जिससे ५० वर्षीय मांगीलाल नामक मरीज की मौत हो गई। मांगीलाल को ११ अक्टूबर को गलत खून चढ़ाया गया था। जानकारी के अनुसार, एम्स में दो मरीज मांगीलाल नाम से भर्ती थे। ८० वर्षीय मांगीलाल को एनीमिया के चलते खून चढ़ाया जाना था, जबकि ५० वर्षीय मांगीलाल को मधुमक्खियों के काटने से भर्ती किया गया था। लापरवाही के चलते खून गलत मरीज को चढ़ा दिया गया। आधे से अधिक यूनिट चढ़ जाने के बाद जब सीनियर डॉक्टर पहुंचे तो गलती का खुलासा हुआ।

एम्स परिसर में धरने पर बैठा मृतक का परिवार
ऐन दिवाली के मौके पर शख्स की मौत के बाद परिवार को बड़ा सदमा लगा है। घटना के बाद परिजनों ने एम्स परिसर में ही धरना दे दिया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर बासनी थाना प्रभारी नितिन दवे मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को समझाकर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

अन्य समाचार