मुख्यपृष्ठखबरें‘कमलाबाई’ की नई करामात...‘वोट चोरी’ के बाद ‘वोट खरीदो’ रुपए बांटते पकड़े...

‘कमलाबाई’ की नई करामात…‘वोट चोरी’ के बाद ‘वोट खरीदो’ रुपए बांटते पकड़े गए भाजपाई!

– लिफाफे में तीन-तीन हजार बांटे जा रहे थे

-कल्याण-डोंबिवली का वीडियो हुआ वायरल

सामना संवाददाता / मुंबई

मनपा चुनाव का प्रचार अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है और बूथ स्तर पर भी कार्यकर्ता व पदाधिकारी योजनाबद्ध तरीके से काम करते हुए दिखाई दे रहे हैं। मतदाताओं की सूचियां तैयार कर उन्हें घर-घर तक पहुंचाने की कोशिश सभी दलों के कार्यकर्ताओं द्वारा की जा रही है। कुछ स्थानों पर मतदाताओं को प्रलोभन देने और पैसे बांटने के मामले भी सामने आ रहे हैं। भाजपा ने सबसे अधिक निर्विरोध सीटें कल्याण-डोंबिवली में जीती हैं। यहां भी भाजपा खुलकर पैसे बांट रही है। यहां एक उम्मीदवार के प्रचार के लिए खुलेआम हर घर में ३ हजार रुपए बांटे जाने का मामला उजागर हुआ है।
डोंबिवली में एक महिला के घर से पैसों से भरे लिफाफे मिलने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। चुनाव प्रचार के दौरान सफेद लिफाफे में ३ हजार रुपए, यानी ५०० रुपए के ६ नोट डालकर ये पैसे वितरित किए जा रहे थे। डोंबिवली के तुकाराम नगर क्षेत्र के दशरथ भवन परिसर में भाजपा की ओर से नागरिकों के घरों तक ३ हजार रुपए के लिफाफे पहुंचाए जा रहे थे।
पैसे बांटने के मामले में प्रशासन की लीपापोती!
कल्याण-डोंबिवली में भाजपाई खुलेआम वोटरों को पैसे बांट रहे हैं। विरोधी दलों के उम्मीदवार और उनके कार्यकर्ताओं ने पैसे बांटने वालों को रंगेहाथ पकड़ लिया, जिससे यह मामला उजागर हुआ। घटना के बाद चुनाव आयोग की टीम और पुलिस भी मौके पर पहुंची। मगर मामला लीपापोती का ही लग रहा है। हालांकि, जिस महानगरपालिका में भाजपा ने सबसे अधिक सीटें निर्विरोध जीती हैं, वहीं भाजपा उम्मीदवार द्वारा इस तरह पैसे बांटे जाने की घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। उल्लेखनीय है कि इस वार्ड में भाजपा और शिंदे गुट के बीच आमने-सामने का मुकाबला चल रहा है। यहां भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ शिंदे गुट का उम्मीदवार चुनावी मैदान में है। यहां महायुति के दो दलों के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है और कड़ी रस्साकशी जारी है। खास बात यह है कि शिंदे गुट के कार्यकर्ता वीडियो बनाकर इस पैसे बांटने की साजिश को उजागर करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इससे स्पष्ट होता है कि महायुति के तहत साथ लड़ने वाली भाजपा और शिंदे गुट के बीच ही यहां टकराव हो रहा है।

अन्य समाचार