मुख्यपृष्ठनए समाचारमोदी-नेहरू पर मचा नया राजनीतिक घमासान

मोदी-नेहरू पर मचा नया राजनीतिक घमासान

-फडणवीस ने कहा- कोई प्रतिस्पर्धा नहीं

-चंद्रकांत पाटील बोले- तुलना ही नहीं, मोदी बहुत आगे

रामदिनेश यादव / मुंबई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की तुलना को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा दोनों नेताओं के बीच किसी प्रकार की प्रतिस्पर्धा से इनकार किए जाने के बावजूद भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री चंद्रकांत पाटील के बयान ने नए सिरे से राजनीतिक बहस छेड़ दी है। उन्होंने कहा कि मोदी और नेहरू की तुलना हो ही नहीं सकती, क्योंकि मोदी उनसे ‘बहुत आगे’। जिसके बाद राजनीतिक बवाल मच गया है। सीएम फडणवीस को भी ठेंगे पर रखकर पाटील ने यह बयान दिया है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस के प्रमुख शरद पवार ने हाल ही में पार्टी के स्थापना दिवस कार्यक्रम में कहा था कि नेहरू और मोदी की तुलना नहीं की जा सकती। उन्होंने याद दिलाया कि नेहरू ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और लंबे समय तक देश का नेतृत्व किया। पवार ने भाजपा नेताओं द्वारा दोनों नेताओं की तुलना किए जाने पर आपत्ति जताई थी।
इसके बाद मुख्यमंत्री फडणवीस ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा था कि मोदी और नेहरू के बीच कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है और यह केवल सबसे लंबे समय तक लोकतांत्रिक तरीके से शासन करने के रिकॉर्ड का विषय है। माना जा रहा था कि इस बयान के बाद विवाद समाप्त हो जाएगा, लेकिन चंद्रकांत पाटील के ताजा बयान ने मामले को फिर गरमा दिया।
कोल्हापुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पाटील ने कहा कि मोदी और नेहरू की तुलना हो ही नहीं सकती, क्योंकि मोदी उनसे ‘बहुत आगे’ हैं। उन्होंने दावा किया कि नेहरू स्वतंत्रता पूर्व दौर के नेता थे, जबकि मोदी ने स्वतंत्र भारत में संघर्ष करते हुए देश को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
चंद्रकांत पाटील के बयान से विपक्ष को भाजपा पर हमला बोलने का नया अवसर मिल गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि फडणवीस जहां इस विवाद को शांत करने की कोशिश कर रहे थे, वहीं पाटील के बयान ने भाजपा की अंदरूनी रणनीति और नेताओं के अलग-अलग रुख को उजागर कर दिया है।
फडणवीस की सफाई पर पाटील का बयान भारी
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा मोदी-नेहरू विवाद को शांत करने की कोशिशों के बीच मंत्री चंद्रकांत पाटिल के ‘मोदी बहुत आगे हैं’ वाले बयान ने महाराष्ट्र की राजनीति में नया तूफान खड़ा कर दिया। विपक्ष को भाजपा पर हमला बोलने का नया मुद्दा मिल गया है।

अन्य समाचार