हिमांशु राज
मुंबई पुलिस की अंडरवर्ल्ड ड्रग सिंडिकेट जांच ने एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है। बताया जा रहा है कि यह नेटवर्क मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम के सहयोगी सलीम डोला से जुड़ा हुआ है, जिसकी गतिविधियों पर पुलिस की निगरानी लंबे समय से है। ताजा रिपोर्टों में इस कथित ड्रग सर्कल में कुछ बॉलीवुड चेहरों के नाम सामने आने की बात कही जा रही है। श्रद्धा कपूर और सोशलाइट ओरी के साथ डांसर-एक्ट्रेस नोरा फतेही का नाम भी अब इस जांच में उभर कर आया है। इन अफवाहों के बीच नोरा फतेही ने सोशल मीडिया पर अपनी चुप्पी तोड़ी और एक लंबा बयान साझा किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि उनका नाम जब-तब विवादों में घसीटा जाता है। एक्ट्रेस ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि वे किसी भी तरह की ‘ड्रग पार्टियों’ में शामिल नहीं होतीं। उनका कहना है कि वे लगातार यात्रा में रहती हैं, शूटिंग और कार्यक्रमों में व्यस्त रहती हैं और उनके पास ऐसी गतिविधियों के लिए समय ही नहीं है। नोरा ने साफ शब्दों में चेतावनी भी दी कि झूठी खबरें फैलाने वालों को इस बार परिणाम भुगतने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसा पहले भी हुआ था, जब गलत सूचनाओं से उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी। पर वे अब चुप रहने वाली नहीं हैं।इस बीच, पुलिस सूत्रों का दावा है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और किसी भी बॉलीवुड कलाकार के खिलाफ आधिकारिक आरोप दर्ज नहीं किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि हर नाम की पुष्टि तथ्यों के आधार पर ही की जाएगी। नोरा फतेही की ओर से यह स्पष्ट कर दिया गया है कि उनका इन विवादित आयोजनों से कोई लेना-देना नहीं है और वे अपने पेशे और व्यक्तिगत जीवन पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं।
