सामना संवाददाता / मुंबई
मनपा चुनाव से पहले मनपा की सियासत में पैसों का खेल बेनकाब हो गया है। ठाणे की धरती से मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने महायुति के खिलाफ ऐसा हमला बोला है, जिसने पूरे चुनावी माहौल को हिला दिया है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र का उत्सव नहीं, बल्कि करोड़ों की खुली बोली बन चुका है। यहां १ नहीं, ५ नहीं, १० नहीं, बल्कि १५ करोड़ रुपए तक की पेशकश उम्मीदवारों को सिर्फ इसलिए दी गई, ताकि वे मैदान छोड़ दें। यह चुनाव नहीं, खुली नीलामी है।
कल्याण-डोंबिवली में लगा है
गुलामों का बाजार!
तय की जा रही है वोट और प्रत्याशियों की कीमत-राज ठाकरे
ठाणे की धरती पर कल मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने महायुति के षड्यंत्र का जोरदार खुलासा किया। उन्होंने दावा किया कि कल्याण-डोंबिवली में गुलामों का बाजार लगा हुआ है, जहां वोट और उम्मीदवारी दोनों की कीमत तय की जा रही है। एक ओर विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं तो दूसरी ओर घर-घर ५,००० रुपए बांटकर मत खरीदने का खेल खुलेआम चल रहा है। उन्होंने तीखा सवाल उठाया कि अगर सच में विकास किया है, तो फिर पैसे बांटने की जरूरत क्यों पड़ रही है? इतना ही नहीं, राज ठाकरे ने साफ चेतावनी दी कि अगर मुंबई-ठाणे और महाराष्ट्र पर संकट आया तो दोस्ती-यारी नहीं देखी जाएगी।
ठाणे में आयोजित शिवशक्ति सभा में शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे एक बार फिर एक-साथ मंच पर मौजूद थे। प्रचार के अंतिम चरण में पहुंच चुके मनपा चुनाव को लेकर राज ठाकरे के आरोपों ने राजनीतिक माहौल को और अधिक गर्मा दिया है। सभा को संबोधित करते हुए राज ठाकरे ने कहा कि प्रचार खत्म होते ही सरकार की ओर से घर-घर पैसे बांटने का खेल शुरू हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग पैसे बांट रहे हैं और शिंदे गुट के लोग वही पैसे पकड़ते नजर आ रहे हैं। यह सरकार आखिर चला कौन रहा है? मुख्यमंत्री को निशाने पर लेते हुए राज ठाकरे ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस, यह सब आप किसके लिए कर रहे हैं? ये सिर्फ हाथ पर बैठे सारस हैं, जिन्हें जाकर शिकार करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता सच छुपाने के लिए मुद्दों को भटकाने का काम कर रही है।
अडानी पर तीखा प्रहार
मेरे घर अडानी, रतन टाटा, अंबानी जैसे उद्योगपतियों समेत कई फिल्मी हस्तियां आई हैं तो क्या घर आने से उनके पाप मैं ढकूं? नई मुंबई एयरपोर्ट और मुंद्रा पोर्ट को छोड़ दें तो अडानी ने कुछ बनाया नहीं, बल्कि देश के एयरपोर्ट और बंदरगाह गन-पॉइंट पर कब्जे में लिए गए हैं। इंडिगो का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जब एक एयरलाइन देश ठप कर सकती है तो आज जब एयरपोर्ट, बंदरगाह, सीमेंट सब कुछ एक ही उद्योगपति के हाथ में है तो देश का भविष्य कौन तय कर रहा है?
फॉर्म वापसी के लिए हत्या
राज ठाकरे ने बदलापुर स्कूल प्रकरण में हुए एनकाउंटर पर भी सवाल खड़े किए और सोलापुर में उनके पार्टी कार्यकर्ता की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि फॉर्म वापस लेने के लिए हत्या हो रही है, यह कौन-सा राज्य है?
‘लगाओ रे वो वीडियो’
अपने भाषण के दौरान राज ठाकरे ने एक बार फिर मंच से ‘लगाओ रे वो वीडियो’, कहते हुए भाजपा नेता अन्नामलाई द्वारा मुंबई को लेकर दिए गए बयान का वीडियो पूरी सभा में सुनवाया। इसके साथ ही अन्नामलाई के उस बयान पर फडणवीस द्वारा दी गई प्रतिक्रिया का वीडियो भी सभागृह में चलवाया गया। उन्होंने कहा कि देवेंद्र फडणवीस झूठ बोल रहे हैं। अन्नामलाई साफ-साफ कह रहे हैं कि मुंबई और महाराष्ट्र का कोई संबंध नहीं है, फिर भी फडणवीस कहते हैं कि उनके बयान का वह अर्थ नहीं है। मुझे लगता था कि फडणवीस को अंग्रेजी समझ में आती है, लेकिन वे लगातार झूठ बोलते जा रहे हैं।
कहां से आ रहा है यह पैसा?
राज ठाकरे ने सवाल उठाया कि चुनाव में बांटा जा रहा यह पैसा आखिर कहां से आ रहा है? उन्होंने कहा कि इतने वर्षों में कई चुनाव देखे, लेकिन ऐसा बेशर्म और खतरनाक चुनाव कभी नहीं देखा।
