मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
प्रतापगढ़ के कुंडा में मोहर्रम के मद्देनजर विधायक राजा भैया के पिता राजा उदय प्रताप सिंह समेत 13 लोगों को नजरबंद किया गया है। पुलिस ने उनके आवास के बाहर नोटिस चस्पा कर दी है। पुलिस बल तैनात है। राजा उदय प्रताप सिंह ने अपने एक्स एकाउंट पर एक बयान जारी कर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जो हाल बांग्लादेश में हिंदुओं का हुआ, वही अब हिंदुस्थान में भी होने वाला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन एकतरफा कार्रवाई कर रहा है। एक विशेष समुदाय के दबाव में काम कर रहा है। उनका कहना है कि पिछले कई वर्षों से चल रहा हिंदू भंडारा प्रशासन द्वारा रोक दिया गया है, जबकि दूसरे समुदायों की गतिविधियों को अनुमति दी जा रही है। मोहर्रम जुलूस के पहले हनुमान मंदिर पर प्रशासन की उपस्थिति में राजा उदय प्रताप सिंह के करीबी माने जाने वाले निर्भय सिंह से पूजा कराई गई, जिसके बाद कुंडा क्षेत्र में ताजिए निकाले गए। मंदिर के बाहर भी पुलिस बल तैनात किया गया है। राजा उदय प्रताप सिंह का आरोप है कि हमारा 10 साल पुराना भंडारा पुराना नहीं माना जा रहा, जबकि 3 साल पुराने जुलूस को अनुमति दे दी गई। प्रशासन और शासन दोनों एक ही पक्ष का साथ दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी धार्मिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है, जबकि दूसरे पक्ष को न्यायालय से राहत मिलती जा रही है। उन्होंने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि यह सब योजनाबद्ध रूप से हो रहा है। हिंदू समाज खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
