मुख्यपृष्ठनए समाचारसावन के पहले मंगलवार को मां गंगा-यमुना ने बड़े हनुमान को जल...

सावन के पहले मंगलवार को मां गंगा-यमुना ने बड़े हनुमान को जल शयन कराया

राजेश सरकार / प्रयागराज

श्रावण मास के प्रथम मंगलवार के शुभ योग में मां गंगा ने प्रयागराज के कोतवाल बड़े हनुमान जी महाराज को जल शयन कराया। संगम नगरी प्रयागराज में गंगा और यमुना उफान पर हैं। दोनों ही नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गंगा-यमुना अब खतरे के निशान से तीन मीटर नीचे हैं। स्थिति ऐसी ही रही तो दो दिन में दोनों नदियों का जलस्तर बढ़ता खतरे के निशान को पार कर सकता है। इसबीच सावन माह के पहले मंगलवार को संगम नगरी प्रयागराज के कोतवाल बंधवा वाले बड़े हनुमान जी मंदिर में भी गंगा-यमुना ने प्रवेश कर लेटे हनुमान जी को जल शयन कराया। मंगलवार को दोपहर में मां गंगा, यमुना और सरस्वती ने
अपने पवित्र जल से बड़े हनुमान
को स्नान करा दिया। जैसे ही गंगा और यमुना का जल गर्भगृह में पहुंचा। वहां दर्शन पूजन को पहुंचे श्रद्धालुओं ने जय श्री राम के नारे लगाने प्रारंभ कर दिए। मंदिर के महंत बलवीर गिरी महाराज ने आरती उतारी, पूजा पाठ शुरू हो गया। आचार्य ने वैदिक मंत्रों के साथ मां गंगा और यमुना का स्वागत किया। इसके पहले सुबह से ही मंदिर में बड़े हनुमान जी
का श्रृंगार चल रहा था। ऐसी मान्यता है कि जब भी मां गंगा बड़े हनुमान जी को स्नान करने आती हैं यह शहर वासियों के लिए शुभ संकेत होता है।

अन्य समाचार