मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिछठ पूजा के दूसरे दिन उल्हास नदी किनारे सामाजिक संस्था ने की...

छठ पूजा के दूसरे दिन उल्हास नदी किनारे सामाजिक संस्था ने की सफाई

अनिल मिश्रा / उल्हासनगर

छठ पूजा के पावन पर्व के उपरांत उल्हास नदी के किनारे जमा हुई पूजन सामग्री, कूड़ा-कचरा और अन्य अवशेषों को हटाने के लिए एस. एस. फाउंडेशन द्वारा सफाई अभियान का आयोजन किया गया। संस्था की अध्यक्षा सौ. सुचित्रा सुधीर सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने नदी तट की सफाई कर परिसर को प्रदूषणमुक्त बनाने का सराहनीय कार्य किया।

कल्याण ग्रामीण क्षेत्र के म्हारल, वरप और कांबा गांव के समीप बहने वाली उल्हास नदी के तटों पर छठ पूजा का आयोजन कई स्थानों पर हुआ था, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूजा समाप्त होने के बाद नदी किनारों पर बड़ी मात्रा में पूजन सामग्री और कचरा एकत्र हो गया था, जिससे जल प्रदूषण बढ़ने की संभावना बन गई थी।

इस स्थिति को देखते हुए संस्था ने तत्परता दिखाते हुए सफाई अभियान चलाया और समाज को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। संस्था के सदस्यों ने कहा कि धार्मिक उत्सवों के दौरान प्रकृति की अनदेखी नहीं, बल्कि उसकी रक्षा करना हर जागरूक नागरिक का कर्तव्य है। इस सामूहिक प्रयास से बड़ी मात्रा में कचरा हटाकर नदी क्षेत्र को स्वच्छ रूप प्रदान किया गया।

अन्य समाचार