मुख्यपृष्ठनए समाचारआपटे को नगरसेवक मनोनीत पर भड़का विपक्ष...अब ‘बलात्कारी जनता पार्टी’ बन चुकी...

आपटे को नगरसेवक मनोनीत पर भड़का विपक्ष…अब ‘बलात्कारी जनता पार्टी’ बन चुकी है भाजपा… कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बीजेपी पर बोला हमला

सामना संवाददाता / मुंबई

महिला सुरक्षा की बातें करनेवाली भाजपा का असली चेहरा एक बार फिर उजागर हो गया है। बदलापुर की एक मासूम बच्ची के साथ हुए अमानवीय अत्याचार के मामले में आरोपी तुषार आपटे को भाजपा ने सीधे मनोनीत नगरसेवक का पद देकर अपराधियों को संरक्षण देने का काम किया है। इस खबर के आते ही विपक्ष आक्रामक हो गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि भाजपा का असली चेहरा जनता के सामने खुद-ब-खुद आ गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तुषार आपटे बदलापुर यौन शोषण मामले का सहआरोपी है। पुलिस जांच में स्कूल के कुछ व्यवस्थापक सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। तुषार ४४ दिनों तक फरार था। आश्चर्य की बात है कि उसे गिरफ्तारी के मात्र ४८ घंटे में जमानत मिल गई थी। सपकाल ने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचारियों, अत्याचारियों, बलात्कारियों और दुराचारियों को बढ़ावा दे रही है। इन्हें कड़ी सजा देने के बजाय इन्हें राजनीतिक संरक्षण देकर इनका उत्साह बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के बदलापुर कांड के आरोपी को मनोनीत नगरसेवक बनाया तो उत्तर प्रदेश के उन्नाव में दलित बहन के साथ हुए बलात्कार मामले में मुख्य आरोपी भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को जेल से बाहर लाने का श्रेय भी भाजपा को जाता है। उस घटना को पूरा देश देख चुका है। सत्ता के बल पर पीड़िता के साथ अन्याय किया गया, उसे धमकियां दी गर्इं और उस पर दबाव बनाया गया। उसी तरह उत्तराखंड के अंकिता भंडारी हत्याकांड में भी आरोपी के भाजपा से जुड़े होने के तथ्य सामने आए। इसके बावजूद भाजपा ने न तो नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार की और न ही आत्ममंथन किया।

अन्य समाचार