मुख्यपृष्ठनए समाचारनैनी में कानून का पालन मजबूती से करना और कराना हमारा लक्ष्य-अवनीश...

नैनी में कानून का पालन मजबूती से करना और कराना हमारा लक्ष्य-अवनीश कुमार सिंह

-अपराधियों में डर, नशे के अवैध सिंडिकेट पर नजर और फरियादों का त्वरित निस्तारण पर फोकस

राजेश सरकार / प्रयागराज

कमिश्नरेट के यमुनानगर नैनी कोतवाली के नये प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार सिंह ने कार्यभार संभालते ही क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने का खाका तैयार किया है। अपराध नियंत्रण, अराजकतत्वों पर कार्रवाई, नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के साथ आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
विशेष बातचीत में प्रभारी निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में छूट नहीं दी जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ अपराधियों और अराजकतत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाएगी। नशे के अवैध कारोबार को लेकर भी पुलिस की सक्रियता बढ़ाने की बात उन्होंने कही।
उन्होंने कहा कि थाने में अपनी समस्या लेकर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाएगा और नियमानुसार उसके समाधान का प्रयास किया जाएगा। महिलाओं, बुजुर्गों तथा कमजोर वर्ग से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाएगा।
पुलिस-जनता के बीच विश्वास मजबूत करने पर जोर देते हुए अवनीश कुमार सिंह ने कहा कि अपराध नियंत्रण में आमजन की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है। क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी मिलने पर लोग पुलिस को तत्काल सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का प्रयास किया जाएगा।
नए प्रभारी निरीक्षक ने पुलिसकर्मियों में अनुशासन और जवाबदेही बनाए रखने पर भी जोर दिया। उनका कहना है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी, जबकि आमजन के साथ पुलिस का व्यवहार सहयोगपूर्ण और संवेदनशील रखने का प्रयास किया जाएगा।

अन्य समाचार

भरोसा

पर्वत