मुख्यपृष्ठस्तंभआउट ऑफ पवेलियन : अजीबोगरीब डांस नशे में मेहमान

आउट ऑफ पवेलियन : अजीबोगरीब डांस नशे में मेहमान

अमिताभ श्रीवास्तव

विंबलडन की यह एक परंपरा है कि पुरुष व महिला वर्ग की विजेता को एक भव्य पार्टी दी जाती है, जिसमें दोनों विजेता एक साथ डांस करते हैं। हाथों में हाथ डालकर झूमते हैं और अपनी-अपनी ट्रॉफी के साथ तस्वीरें खिंचवाते हैं। इस बार विंबलडन चैंपियन जैनिक सिनर बने और महिलाओं में इगा स्वियाटेक। दोनों जब इस ग्रैंड पार्टी में आए तो पहले पहल तस्वीरों का दौर चला। अतिथियों को शराब परोसी गई। फिर शुरू हुआ झूमना। ये कोई नहीं जानता था कि सिनर और इगा को डांस नहीं आता है। दोनों ने अजीब नृत्य किया जो भद्दा भी लग रहा था और संगीत भी अप्रिय था, मगर तब तक लोग इतने नशे में पहुंच चुके थे कि किसी ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। जी हां, लॉरा रॉबसन नामक एक मेहमान ने मजाक में कहा कि विंबलडन के वीआईपी इतने नशे में थे कि उन्हें नए एकल चैंपियनों के बीच रात एक बजे के अजीबोगरीब डांस से कोई परेशानी नहीं हुई। कोविड के दौरान पार्टी व डांस की यह प्रथा लुप्त हो गई थी, लेकिन अब यह पुन: वापस आ गई है। भले ही इस कार्य में करोड़पति विजेताओं की कोई इच्छा न हो। वैसे भी आमतौर पर खिलाड़ी डांस में बहुत अच्छे भी नहीं होते। डांस के वीडियो जब वायरल हुए तो लोगों ने कहा कि विजेता भले ही सेंटर कोर्ट पर कमाल करते हों मगर डांस फ्लोर पर वे बकवास हैं। जो भी हो मेहमानों के नशे में होने पर चाहे जैसा भी डांस कर लो कोई फर्क नहीं पड़ता।
इस हार का ठीकरा किसके माथे?
लॉर्ड्स में तीसरा टेस्ट बड़े ही नाटकीय अंदाज में खत्म हुआ, जिसमें रोमांच से अधिक टीम इंडिया के बैटर्स की बेवकूफियां देखने को मिलीं। मात्र १९१ रन का लक्ष्य था उन बल्लेबाजों के लिए जो अब तक धूम मचा रहे थे। फिर अचानक क्या हो गया कि इतना आसान लक्ष्य भी पार नहीं कर पाए और २२ रन से पराजित हो गए? हार का यह ठीकरा आखिर किसके माथे है? कौन है वो जिसके कारण हम हारे हैं? आखिर सिराज तक बैटिंग आई तो वैâसे आई? उत्तर में सीधे तौर पर यशस्वी जायसवाल, करुण नायर विलेन हैं। यशस्वी के लापरवाह शॉट और नायर की गैर जिम्मेदाराना बैटिंग या कहें कि अपनी वापसी को वो भुना ही नहीं पाए। इन दोनों ने टीम की रीढ़ ध्वस्त कर दी। हालांकि, शुभमन गिल, ऋषभ पंत भी दूसरी पारी में नहीं खेल पाए और यही वजह रही कि टीम को पराजय का मुंह देखना पड़ा। वैसे ऋषभ पंत का रन आउट संदेहास्पद है और सिराज का आउट होना अंग्रेजों की किस्मत अन्यथा टीम इंडिया ने मैच अपने कब्जे में ले ही लिया था। अब चौथे मैच के लिए सीधे तौर पर करुण नायर को बाहर किया जाए, यशस्वी को चेतावनी दी जाए तो कुछ संभव है अन्यथा सीरीज हाथ से गंवाने के लिए तैयार रहें।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)

अन्य समाचार