अमिताभ श्रीवास्तव
महान महिला मुक्केबाज केटी टेलर ने क्रोक पार्क में फ्लोरा पिली के खिलाफ एक शानदार जीत के साथ अपने करियर का समापन कर दिया। जी हां, कई वर्षों के असफल प्रयासों के बाद आखिरकार आयरिश आइकन को आयरलैंड के ८२,००० सीटों वाले राष्ट्रीय गेलिक फुटबॉल स्टेडियम में लड़ने का मौका मिल ही गया। जहां १९७२ में महान मुक्केबाज मुहम्मद अली के बाद से किसी भी मुक्केबाज ने क्रोक पार्क के अंदर मुकाबला नहीं लड़ा था। यह एक ऐतिहासिक पल था और इस क्षण को जीतकर टेलर ने जिंदगी का सबसे सुनहरा पल जीत लिया। अब टेलर सुपर-लाइटवेट विश्व खिताबों के साथ आराम से अपने करियर को अलविदा कह सकती थी, उसने ऐसा किया भी। तीन बार की निर्विवाद चैंपियन टेलर ने १००-९र्०े२ और ९८-९१ के स्कोर के साथ टेलर ने जीत हासिल की। उसने कहा, ‘आप २०१२ में लंदन में मेरे साथ थे, रियो की हार के समय आप मेरे साथ थे। जब मैंने पेशेवर करियर शुरू किया तब भी आप मेरे साथ रहे, मुझे कोई और ऐसा देश नहीं पता जो ८०,००० टिकट बेच सके। आयरलैंड ही एकमात्र ऐसा देश है। यहां भी आप साथ रहे, धन्यवाद’। इस अलविदा के अवसर पर आयरिश संगीत जगत के दिग्गज बैंड वेस्टलाइफ ने टेलर के भावुक अंतिम रिंग वॉक से पहले दो गानों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया था।
लव लामीन
विश्व कप फुटबॉल से स्पेन के इस दिग्गज कम उम्र के खिलाड़ी को ज्यादा पहचान मिली क्योंकि उसे मैसी ने अपनी गोद में खिलाया था और वह मैसी के खिलाफ ही फाइनल में लड़ा। स्पेन तथा बार्सिलोना के सुपरस्टार लामिन यामल फिलहाल चोट से जूझ रहा है मगर अपने लव को लेकर। जी हां, अपनी गर्लफ्रेंड इनेस गार्सिया के साथ उसने जो प्यार किया, वह इनेस ने अपने इंस्टा पर पोस्ट कर दिया। १९ वर्षीय यामल और २१ वर्षीय इनेस के बीच पहली बार अप्रैल में तब संबंध की खबरें सामने आर्इं थीं, जब उन्हें एक साथ खाना खाते हुए देखा गया था, जिसके बाद ग्रीस में उनके हाथ पकड़े हुए तस्वीरें वायरल हो गर्इं। इस जोड़े ने मई में अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप दिया जब वे बार्सिलोना के सीजन के समापन समारोह में हाथ में हाथ डालकर एक साथ पहुंचे। और इस बार इस जोड़े ने निजी जेट से पेरिस की यात्रा करके अपने प्यार का आनंद उठाया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक छोटा सा वीडियो क्लिप भी साझा किया, जिसमें विंगर कंटेंट क्रिएटर को सोफे पर पकड़े हुए दिख रहे हैं और वे दोनों हंसी-मजाक में कुछ बातें कर रहे हैं। इनेस ने कैप्शन पोस्ट किया, ‘पेरिस में लव लामीन २४ घंटे।’
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)
