अमिताभ श्रीवास्तव
कभी वो टेनिस की सुपरस्टार थीं तो मॉडलिंग में भी उनका ग्राफ ऊपर था। चोटों ने परेशान किया, टेनिस से दूर रहीं मगर फिर लौटीं। कोर्ट में पसीना बहाया और जीतने की इच्छाशक्ति ने उन्हें दुनिया के सामने एक जीवट खिलाड़ी के रूप में पेश किया। मगर उम्र भी तो आड़े आती है। लिहाजा, टेनिस का बल्ला टांगने का फैसला किया और अब मॉडलिंग को ही अपने करियर में शामिल कर लिया। जी हां, पूर्व विंबलडन फाइनलिस्ट कनाडा की यूजिनी बुचार्ड ने ३१ वर्ष की आयु में टेनिस से संन्यास की घोषणा कर दी है। खेल में चौंकाने वाली वापसी के कुछ ही सप्ताह बाद। २०१४ में विंबलडन के फाइनल में पहुंचने के बाद इस कनाडाई खिलाड़ी के वैश्विक स्टार बनने की संभावना जताई जा रही थी। उस समय बुचार्ड की उम्र मात्र २० वर्ष थी जब उनका मुकाबला पूर्व चैंपियन पेट्रा क्वितोवा से हुआ। वह फाइनल में नहीं पहुंची, एक ही वर्ष में ऑस्ट्रेलियन और फ्रेच ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचने के बावजूद बुचार्ड कभी फाइनल में नहीं पहुंच सकीं। बदकिस्मती पीछा नहीं छोड़ रही थी। २०१४ में विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर रहीं बुचार्ड एक साल बाद ही ४८वें स्थान पर खिसक गईं और जैसे-जैसे चोटें बढ़ती गईं वो धीरे-धीरे महिला खेल से पूरी तरह गायब हो गईं। मॉडलिंग के काम से अच्छी-खासी कमाई करने के बावजूद, बुचार्ड ने अंतत: पिकलबॉल के लोकप्रिय खेल की ओर रुख किया। लेकिन जब उन्होंने इस महीने टेनिस हॉल ऑफ फेम ओपन में खेलने की योजना का खुलासा किया तो प्रशंसक आश्चर्यचकित रह गए। वह खेली, किंतु जीत न सकीं। उन्हें लग गया कि अब संभावनाएं खत्म हो चुकी हैं और इस सुंदरी ने टेनिस बल्ला टांगने का फैसला ले लिया।
मैं बोल्ड हूं, तुम्हें क्या!
आजकल महिला एंकर अपने बोलने के अंदाज से ही नहीं, बल्कि फैशनेबल होने से भी फेमस हो जाती हैं। इटली की एक टीवी एंकर एलेनोरा इंकार्डोना खूबसूरत और बोल्ड हैं। एक आलोचक ने उन्हें ‘अश्लील’ कह दिया तो उन्होंने अपने ही अंदाज में इसका उत्तर देते हुए न केवल चुप्पी तोड़ी, बल्कि यह भी दर्शा दिया कि पुरुषों के दबाव में वो नहीं आ सकतीं। उन्होंने स्पष्ट कह दिया कि हां वो बोल्ड हैं, इससे किसी को क्या? ग्लैमरस डीएजेडएन स्टार उन कई एंकरर्स में से एक हैं, जिनकी पोशाकों के चयन के लिए वैलेंटिना मैसेरी ने आलोचना की थी। ३४ वर्षीय एलेनोरा ने अमेरिका में क्लब विश्व कप के प्रसारणकर्ता के कवरेज के दौरान इटली के लिए अपनी सेवाएं दी। लेकिन मैसेरी इससे प्रभावित नहीं हुर्इं और उन्होंने कहा, ‘वह यह सब बहुत सेक्सी तरीके से करती हैं। कभी-कभी अश्लील तरीके से।’ यह आलोचना उनकी नई पुस्तक- ‘एफ फीमेल एम्पावरमेंट: द ग्रेट मिस्टेक ऑफ मॉडर्न फेमिनिज्म’ के प्रकाशन के बाद हुई। लेकिन एलेनोरा ने अपनी कार्यप्रणाली बदलने से इनकार कर दिया है और आलोचना पर अपनी चुप्पी तोड़ दी है। एक साक्षात्कार के दौरान उन्होंने कहा, ‘शैली स्पष्ट रूप से आपकी व्यक्तिगत और व्यावसायिक पहचान का हिस्सा है। खेल प्रसारण जैसे उच्च-दांव, पुरुष-प्रधान वातावरण में पैâशन आपको वैâसे सशक्त बनाता है? फैशन मेरी भाषा है। इससे मुझे यह व्यक्त करने में मदद मिलती है कि मैं कौन हूं और पुरुष-प्रधान या उच्च दबाव वाले वातावरण में भी मुझे आत्मविश्वास महसूस होता है। मैं अपनी स्त्रीत्व को कभी नहीं छोड़ती।’
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)
