मुख्यपृष्ठखेलआउट ऑफ पवेलियन : आर्यना नहीं एलेना बोलो

आउट ऑफ पवेलियन : आर्यना नहीं एलेना बोलो

अमिताभ श्रीवास्तव

टेनिस की नंबर वन खिलाड़ी आर्यना को जब एलेना रिबाकिना ने डब्ल्यूटीए का फाइनल हराया तो लोगों ने कहा कि अब आर्यना नहीं एलेना बोलिये क्योंकि आर्यना का ध्यान टेनिस से ज्यादा अब मॉडलिंग करने या अपने आकर्षक, उत्तेजक फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने में अधिक रहता है। यह देखा गया है कि जिस भी किसी खिलाड़ी ने अपने नाम, अपनी सफलता को विज्ञापनो या रील्स या फिर देह प्रदर्शन कर फॉलोअर्स बटोरने, चर्चा में बने रहने पर लगाया, वो अपने मुख्य उद्देश्य से चूकने लगा। भारत में कमोबेश यही हाल सायना नेहवाल व पीवी सिंधु जैसी खिलाड़ियों का रहा, जिन्होंने सोशल मीडिया को ज्यादा तरजीह दी। बहरहाल, आर्यना सबलेंका टेनिस की नंबर वन खिलाड़ी हैं और अपनी खूबसूरती वो सोशल मीडिया पर तरह-तरह की तस्वीरें पोस्ट कर बखानती रहती हैं। टेनिस के प्रति जितना ध्यान एक उच्चतम खिलाड़ी को अपनी चोटी पर बने रहने के लिए चाहिए, वो अन्यत्र व्यस्त होकर गवां देता है। नतीजा होता है पराजय। अब देखिए न एलेना ने डब्ल्यूटीए फाइनल जीता और नंबर १ रैंकिंग वाली आर्यना सबलेंका को ६-३,७-६ (०) से हराया। छठी रैंकिंग की रिबाकिना ने अपनी जीत पर कहा, ‘यह एक अविश्वसनीय सप्ताह रहा है। मुझे ईमानदारी से किसी भी परिणाम की उम्मीद नहीं थी।’ मगर जब विरोधी खिलाड़ी का ध्यान भटका हुआ हो तो उससे जीतना आसान हो जाता है। एलेना ने इस टूर्नामेंट में नंबर २-वरीयता प्राप्त इगा स्विएटेक, अमांडा एनिसिमोवा और जेसिका पेगुला को भी हराया था।
वो नशे में घुस आया है, बाहर करो!
वो नशे में घुस आया है, उसे बाहर करो। वो चिल्ला रहा है इससे मुझे परेशानी हो रही है। यह सबकुछ विंबलडन चैंपियन इगा स्विएटेक ने अंपायर से कहा, उसने मांग की कि दर्शक दीर्घा में बैठे उस नशे में धुत्त आदमी को बाहर किया जाए। दरअसल, सऊदी अरब के रियाद में डब्ल्यूटीए में इगा का मैच अमांडा एनिसिमोवा के साथ चल रहा था। और वो बार-बार दर्शक दीर्घा से चिल्ला रहे दर्शक से परेशान थीं। खेल में एक ब्रेक के दौरान विश्व नंबर २ इगा ने चेयर अंपायर से उस उपद्रवी समर्थक को हटाने का आग्रह किया, जिसमें दावा किया गया था कि वह पहले और दूसरे सर्व के बीच चिल्ला रहा था। इगा स्विएटेक को यह कहते हुए सुना गया कि वह नशे में है, क्या आप उसे बाहर निकाल सकते हैं। खेल में बाधा डाल रहा है, वह दूसरे सर्व के दौरान चिल्ला रहा है।’ अंपायर ने जवाब दिया ‘मैं इसके लिए उसे बाहर नहीं निकाल सकता, मैं देखूंगा कि क्या हम उससे बात कर सकते हैं। झल्लाई इगा ने फिर कहा कि वह खेल में बाधा क्यों डाल कर रहा है, वह पहले और दूसरे सर्व के बीच चिल्ला रहा है। सऊदी अरब में शराब प्रतिबंधित है इसके बावजूद उस दर्शक ने पी रखी है यह बात भी इगा को अच्छी नहीं लगीं। अब यह पता नहीं चल सका है कि क्या वाकई वह दर्शक नशे में था या मैच हार रही इगा का गुस्सा था?
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)

अन्य समाचार