अमिताभ श्रीवास्तव
बचपन का प्यार आठ साल के विवाह बंधन के बाद खत्म हो जाएगा, किसने सोचा था। और तब जबकि अपने घूमने-फिरने और प्रेम संबंधित तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपने संबंध की प्रगाढ़ता दर्शाने वाली जोड़ी तलाक ले लेगी, कोई कल्पना नहीं कर सकता था। सचमुच इस फैसले ने हैरान कर दिया। जी हां, बैडमिंटन की यह जोड़ी अब अलग हो चुकी है। बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल और उनके पति पारुपल्ली कश्यप अब अलग हो रहे हैं। साइना नेहवाल ने खुद यह जानकारी दी है कि उन्होंने आपसी सहमति से पारुपल्ली कश्यप से अलग होने का फैसला किया है। साइना नेहवाल ने इस फैसले को लेकर सोशल मीडिया पर इसका अपडेट भी शेयर किया है। अपने फैसले के बारे में जानकारी देते हुए राष्ट्रमंडल खेलों में दो बार की चैंपियन साइना नेहवाल ने लिखा- ‘जिंदगी हमें कभी-कभी अलग दिशाओं में ले जाती है। बहुत सोच-विचार के बाद पारुपल्ली कश्यप और मैंने अलग होने का फैसला किया है। हम अपने और एक-दूसरे के लिए शांति, विकास और उपचार का विकल्प चुन रहे हैं। मैं उन यादों के लिए आभारी हूं और आगे के लिए शुभकामनाएं देती हूं। इस दौरान हमारी निजता को समझने और उसका सम्मान करने के लिए धन्यवाद।’ सवाल उठता है कि दोनों अलग क्यों हो गए? जानकारी में यही है कि पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच सामंजस्य टूटा हुआ दिख रहा था। साइना अपने माता-पिता के पास ही अधिक रहती थीं और ऐसा लग भी रहा था कि दोनों के बीच ऐसी कोई बात है जो उनके प्रेम में बाधा पहुंचा रही है। हालांकि, साइना से कश्यप कम सुर्खियों में रहते थे, जबकि साइना को चर्चा में बने रहने के साथ ही ग्लैमर लाइफ पसंद आती है, शायद एक यह वजह भी दोनों के अलग होने की थी। खैर, कश्यप की ओर से ऐसी कोई पुष्टि अभी तक नहीं आई है।
कॉफी शॉप से शुरू हुई लव स्टोरी
पुरुष विंबलडन में इटली के सिनर ने अल्कराज के राज को जहां खत्म किया, वहीं इसके पहले अमेरिकी टेनिस स्टार डिनियल कोलिन्स ने महिलाओं में बाजी मारी। यह पहला ग्रैंड स्लैम था जो वो जीती, जबकि टेनिस को वो लगभग छोड़ चुकी थीं। २०२२ में ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में पहुंचीं और हार गर्इं। विंबलडन में पिछले वर्ष वो टूर्नामेंट से बाहर हो गई थीं, मगर अपने वतन अमेरिका लौटने से पहले जब वो एक कॉफी शॉप में पहुंचीं तो वहां जिंदगी ही बदल गई। जी हां, यहीं उनकी आंखें एक नौजवान से चार हुर्इं, जिसे टेनिस में कभी कोई दिलचस्पी नहीं थी। वो जानता भी नहीं था कि कोलिन्स हैं कौन। मगर आंखों ही आंखों में मोहब्बत हो गई और शुरू हुई प्रेम कहानी। ब्रायन किप नामक इस व्यक्ति को गोल्फ में दिलचस्पी थी, पर अब कोलिन्स में हो गई। दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हो गई, इसके तुरंत बाद दोनों ने डेटिंग शुरू कर दी। कोलिन्स कहती हैं, मैंने कभी सोचा नहीं था कि कोई कॉफी हाउस में भी मिल सकता है, जो लाइफ पार्टनर बन जाए। मजा ये था कि कोलिन्स पिछले वर्ष टेनिस से संन्यास ले रही थीं और ब्रायन जिसे टेनिस पसंद नहीं है, इसके बावजूद उन्होंने कोलिन्स को हिम्मत दी और उन्हें खेलते रहने को प्रेरित किया। यही वजह भी थी कि आज वो विंबलडन विजेता बनीं।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)
