मुख्यपृष्ठनए समाचारस्कूल बस वालों से भी अभिभावक रहें सावधान!

स्कूल बस वालों से भी अभिभावक रहें सावधान!

-बस चालक ने ही अपहरण की धमकी देकर मांगी ४ लाख की फिरौती

-काशीमीरा पुलिस ने २४ घंटे में आरोपी को किया गिरफ्तार

चंद्रकांत दुबे / मीरा रोड

मीरा-भायंदर इन दिनों कई मामलों को लेकर सुर्खियों में बना हुआ है। पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो अपनी बस से रोजाना बच्चे को स्कूल छोड़ता था। आरोपी बच्चे की मां से बच्चे को अगवा करने की धमकी देकर फिरौती मांग रहा था, जिसे पुलिस ने २४ घंटे में गिरफ्तार कर लिया।
बता दें कि ज्यादातर अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल बस से स्कूल भेजते हैं। ऐसे में जिसके ऊपर भरोसा कर बच्चों को माता-पिता स्कूल भेजते हैं, अगर वही विश्वास तोड़ दे तो आखिर अभिभावक भरोसा करें तो किस पर करें। जोन-१ के डीसीपी राहुल चव्हाण ने बताया कि २४ अक्टूबर को सेंट जोरम स्कूल काशी गांव में पढ़नेवाले १४ वर्षीय बच्चे की मां को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से व्हॉट्सऐप पर मैसेज आया। मैसेज में बच्चे की मां से मांग की गई कि ४ लाख रुपए दे दो, नहीं तो तुम्हारे बच्चे को अगवा कर लिया जाएगा। फिर उसके बाद बच्चे के साथ क्या होगा, उसकी जिम्मेदार तुम पर होगी। पुलिस के अनुसार, ऐसा मैसेज एक बार नहीं, बल्कि बार-बार भेजा गया। तत्काल काशीमीरा पुलिस स्टेशन पहुंचकर बच्चे की मां ने वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कांबले को इस बात की जानकारी दी। महिला के व्हॉट्सऐप पर उसके बच्चे की फोटो भी भेजी गई थी। पुलिस ने जांच कर उस व्यक्ति को पकड़ लिया, जिसके मोबाइल नंबर से यह मैसेज भेजा गया था। पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की, लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिली। पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन में डीसीपी राहुल चव्हाण और एसीपी गणपत पिंगले, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कांबले ने एक टीम गठित की, जिसमें जांच की जिम्मेदारी पीएसआई शिवाजी खाडे, पीएसआई राजेश किणी को सौंपी गई। पुलिस की जांच में जो जानकारी मिली, वह चौंका देनेवाली थी। दरअसल, बच्चे की मां ने अपने बच्चे की फोटो पहचान के लिए उस बस चालक को दी थी, जो रोजाना उसे स्कूल छोड़ता था। पुलिस ने उस बस चालक को पकड़ा तो मामला परत-दर-परत खुलता चला गया।
मोबाइल की दुकान से हुआ खेला
– बस चालक आरोपी सदानंद ने बताया कि उसकी एक मोबाइल की दुकान है, जहां मोबाइल के साथ ही वह सिमकार्ड भी बेचता है।
– उसकी दुकान पर एक बेगारी का काम करनेवाला व्यक्ति अपना सिमकार्ड रिफिल करवाने आया था। उसने उसका सिमकार्ड अपने पास रख लिया और एक बंद सिमकार्ड उसे देकर कह दिया कि यह कार्ड बंद हो गया है।
– फिर उसी कार्ड से मैसेज भेजकर महिला को धमकी देकर उसने पैसे की मांग की थी। जांच में यह भी पता चला कि इससे पहले भी वह ३ से ४ लोगों को ऐसा ही धमकीभरा मैसेज भेज चुका है।
– सभी से उसने अपहरण कर फिरौती की मांग की थी। पुलिस ने २४ घंटे के अंदर उस आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिसके कारण कई परिवार दहशत में जी रहे थे।

अन्य समाचार