एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा, जो हाल ही में मां बनी हैं, ने अपनी पोस्टपार्टम जर्नी को लेकर खुलकर बात की है। दो महीने के बेटे नीर की मां बनी परिणीति ने अपने यूट्यूब वीडियो में बताया कि वह अपने मन और शरीर को शांत रखने के लिए किन आदतों को अपनाती हैं। उन्होंने कहा कि सुबह उठते ही मोबाइल फोन से दूरी बनाना बेहद जरूरी है, क्योंकि दिन की शुरुआत स्क्रॉलिंग से करने से दिमाग पर नकारात्मक असर पड़ता है। एक्ट्रेस का मानना है कि अगर दिमाग सकारात्मक रहता है तो शरीर भी उसी ऊर्जा को फॉलो करता है। वह सुबह के समय खुद को एक घंटे तक फोन से दूर रखती हैं, म्युजिक सुनती हैं या प्रकृति के करीब जाकर पक्षियों की आवाजों का आनंद लेती हैं। इसके साथ ही वह मंत्र जाप को भी अपनी दिनचर्या का अहम हिस्सा मानती हैं। एक्ट्रेस ने बताया कि पोस्टपार्टम के दौरान वह खुद को शांत रखने के लिए हनुमान चालीसा और अन्य मंत्रों का पाठ करती थीं। उनके मुताबिक, इससे दिनभर की परिस्थितियों पर प्रतिक्रिया को बेहतर तरीके से संभालने में मदद मिलती है।
