मुख्यपृष्ठस्तंभफलसफा: हर मुस्कान पूरी कहानी नहीं कहती

फलसफा: हर मुस्कान पूरी कहानी नहीं कहती

सना खान

हाल के वर्षों में युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य, बढ़ते तनाव और सफलता की अंधी दौड़ को लेकर चिंता लगातार बढ़ी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन भी युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य को एक गंभीर वैश्विक चुनौती मानता है। भारत में भी परीक्षा, करियर और सोशल मीडिया के बढ़ते दबाव ने इस बहस को और महत्वपूर्ण बना दिया है। ऐसे समय में सवाल केवल मानसिक स्वास्थ्य का नहीं, बल्कि जीवन को देखने के हमारे नजरिए का भी है।
इसी सवाल का जवाब मुझे एक शाम सड़क किनारे एक छोटी-सी चाय की दुकान पर मिला। एक युवक चुपचाप बैठा था। सामने रखी चाय ठंडी हो चुकी थी, लेकिन उसकी नजर मोबाइल स्क्रीन पर थी। वह बार-बार सोशल मीडिया पर लोगों की तस्वीरें देख रहा था। हर मुस्कुराता चेहरा उसे सफल दिखाई दे रहा था और अपनी जिंदगी उसे अधूरी लगने लगी थी। चाय वाले बुजुर्ग ने मुस्कुराकर पूछा, ‘बेटा, चाय ठंडी हो गई है।’ युवक ने धीमे से कहा, ‘चाय ही नहीं… जिंदगी भी।’ बुजुर्ग ने बिना कुछ कहे पुराना कप हटाया और नई चाय उसके सामने रख दी। युवक ने हैरानी से पूछा, ‘मैंने तो नई चाय मांगी ही नहीं?’
बुज़ुर्ग मुस्कुराए, ‘कुछ चीजों को बार-बार गर्म करने से उनका स्वाद वापस नहीं आता। उन्हें नए सिरे से बनाना पड़ता है।’ फिर उन्होंने युवक के मोबाइल की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘इस स्क्रीन पर तुम्हें लोगों की मुस्कान दिखाई देती है, लेकिन उनके संघर्ष नहीं। इसलिए तुलना बढ़ती है और संतोष घटता जाता है।’ कुछ पल की खामोशी के बाद उन्होंने कहा, ‘बेटा, याद रखना… हर मुस्कान पूरी कहानी नहीं कहती।’ युवक ने पहली बार अपना मोबाइल जेब में रख दिया। उसने चाय की आखरी चुस्की ली। उसे एहसास हुआ कि वह दूसरों की जिंदगी देखकर अपनी कहानी का पैâसला कर रहा था। जाते-जाते उसने पूछा, ‘तो फिर सफलता क्या है?’ बुजुर्ग ने मुस्कुराकर जवाब दिया, ‘सफलता वह नहीं जो दुनिया को दिखाई दे, बल्कि वह है जो रात को तुम्हें सुकून की नींद दे।’
डिजिटल युग ने हमें दुनिया से जोड़ा है, लेकिन तुलना की आदत भी बढ़ा दी है। हम दूसरों की उपलब्धियां देखते हैं, लेकिन उनके संघर्ष नहीं। यही अधूरी तस्वीर हमारे भीतर असंतोष और दबाव पैदा करती है। जीवन का सबसे बड़ा फलसफा शायद यही है कि हर मुस्कुराता चेहरा बेफिक्र नहीं होता और हर सफल दिखने वाला व्यक्ति संघर्षों से मुक्त नहीं होता। इसलिए अपनी यात्रा की तुलना किसी और की मंजिल से करने के बजाय, अपने कल से बेहतर बनने की कोशिश करनी चाहिए। क्योंकि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति केवल तकनीक और आर्थिक विकास से नहीं, बल्कि मानसिक रूप से स्वस्थ, आत्मविश्वासी और संवेदनशील लोगों से मापी जाती है।

अन्य समाचार