फिल्म इंडस्ट्री की कहानी बड़ी अजीब है। यहां कब किसे काम मिलना कब बंद हो जाए इसे कोई नहीं जानता। नीना गुप्ता द्वारा सोशल मीडिया पर काम की अपील के बाद अब ‘पेज-३’, ‘हनीमून ट्रेवल्स प्राइवेट लिमिटेड’ जैसी कई फिल्मों में नजर आ चुकीं संध्या मृदुल ने सोशल मीडिया के जरिए मेकर्स से मदद की अपील करते हुए कहा कि उन्हें काम दिया जाए। मुश्किल दौर का सामना कर रही संध्या ने अपनी पोस्ट में कहा कि उनके पास ना काम है और ना ही पैसा। संध्या ने इंडस्ट्री के फॉलोअर्स को लेकर दीवानगी के बारे में बात करते हुए कहा, ‘मेरी मैनेजर कह रही है कि मैम वो काम आपके हाथ से निकल गया क्योंकि एक तो आपके फॉलोअर्स कम थे और आपका लुक ना अमीरों वाला है और ना आप वैसी दिखती हैं। भाई मेरा लुक रिच है, मैं नहीं… क्योंकि काम नहीं दोगे, फॉलोअर्स नहीं मिलेंगे, फॉलोअर्स नहीं मिलेंगे, फेमस नहीं होंगे, फेमस नहीं होंगे तो काम नहीं मिलेगा तो पैसा नहीं मिलेगा फिर तो मेरी लुक ही रिच (अमीर) रहेगी मैं नहीं। सभी से विनती है मेरी मदद करें।’
