मुख्यपृष्ठनए समाचारमतदान केंद्रों पर सुविधाएं बदहाल...पोलिंग बूथ ढूंढते रह गए वोटर्स!.. बुजुर्ग और...

मतदान केंद्रों पर सुविधाएं बदहाल…पोलिंग बूथ ढूंढते रह गए वोटर्स!.. बुजुर्ग और गर्भवती वोटर्स को हुई परेशानी

द्रुप्ति झा / मुंबई

मुंबई में हुए महानगरपालिका चुनाव में गुरुवार को मतदान के लिए लोग कतार में तो नजर आए, लेकिन दुर्भाग्य से वोट देने गए लोगों को वहां काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा। एक वोटर संतोष जैन ने कहा कि वोटर वोट भी करें और परेशानी भी उठाएं, ये कहां का सिस्टम है? क्या यही व्यवस्था है चुनाव आयोग और प्रशासन की। बांद्रा में वोटिंग मशीन बंद पड़ने और बटन के काम न करने से दूरदराज से आए वोटर्स घर लौटने को मजबूर हो गए।
पोलिंग बूथ पर वोट देने पहुंचे बुजुर्गों, दिव्यांगों और गर्भवती महिलाओं के लिए न तो बैठने के लिए कुर्सी नजर आई और न ही विकलांगों के लिए व्हीलचेयर। सबसे बड़ी समस्या यह रही कि बूथ केंद्रों पर पानी तो था, लेकिन ग्लास नहीं था। वोट देने आई एक गर्भवती महिला नजमा शेख ने बताया कि यहां एक चेयर होनी चाहिए। मैं ज्यादा देर तक नहीं खड़ी रह सकती, इसके बावजूद मैंने वोट डाला।
वोटर्स की परेशानियां
महिला वोटर मुक्ति दास ने बताया कि ऑनलाइन नंबर तो दिख रहा है, लेकिन बूथ पर नहीं मिला। ये चुनाव आयोग की नाकामी है, ज्यादा परेशानी होगी तो मैं बिना वोट दिए ही लौट जाऊंगी। वोटिंग स्लिप न होने से भी लोग कन्फ्यूज्ड हुए।
भटकते रहे वोटर्स
गुरुवार सुबह साढ़े सात बजे वोटिंग शुरू तो हो गई, लेकिन कई वोटर्स को पोलिंग बूथ ढूंढने में घंटों लग गए। पता चला कि एक वार्ड में रहनेवाले वोटर्स के नाम दूसरे वार्ड के पोलिंग बूथ की लिस्ट में थे, जिससे वोटर्स में कन्फ्यूजन हो गया। सही जानकारी न होने से वोटर्स को एक सेंटर से दूसरे सेंटर तक भटकना पड़ा। वोटर सोनू झा ने बताया कि ऑनलाइन में गलत बूथ बताए जाने की वजह से मैं अपने परिवार के साथ बेवजह भाग-दौड़ करता रह गया।

अन्य समाचार