मुख्यपृष्ठनए समाचाररेलवे की प्रीमियम सेवा मुसाफिरों की मुसीबत! ...एसी लोकल में न वक्त...

रेलवे की प्रीमियम सेवा मुसाफिरों की मुसीबत! …एसी लोकल में न वक्त पर ट्रेन, न चैन की सवारी

सामना संवाददाता / मुंबई
मध्य रेलवे की एसी लोकल ट्रेनें, जो प्रीमियम सेवा के नाम पर यात्रियों से ज्यादा किराया वसूलती हैं, अब खुद सवालों के घेरे में हैं। यात्रियों ने रेलवे को ८ मांगों की सूची सौंपी है और पूछा है कि क्या हम प्रीमियम किराया देकर ये सब झेल रहे हैं? अब रेलवे की ये प्रीमियम सेवा मुसाफिरों के लिए मुसीबत बन गई है।
बता दें कि हर दिन एसी लोकल ट्रेनें २० से ४० मिनट देर से चलती हैं। कई बार बिना कोई सूचना दिए ट्रेनें रद्द कर दी जाती हैं, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कत होती है। खासकर कल्याण स्टेशन पर अचानक प्लेटफॉर्म बदलना, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के लिए परेशानी बन चुका है। यात्रियों की मांग है कि एसी ट्रेनों के लिए तय प्लेटफॉर्म रखा जाए। इसके अलावा टिकट चेकिंग की स्थिति भी बेहद खराब है। यात्रियों का कहना है कि भीड़ के समय करीब ३० फीसदी लोग बिना टिकट यात्रा करते हैं। इससे नियम मानने वाले यात्रियों को ठगा हुआ महसूस होता है। एसी ट्रेनें कल्याण से आगे अंबरनाथ और उससे आगे के यात्रियों के लिए पर्याप्त नहीं हैं। वहीं भीड़ के समय महिला डिब्बों की संख्या भी कम है। यात्री मांग कर रहे हैं कि इस प्रीमियम सेवा को केवल कमाई का जरिया न बनाकर, असली सुविधाएं भी दी जाएं।

रेलवे का दावा
रेलवे का कहना है कि वह सुधार की दिशा में काम कर रहा है और विशेष चेकिंग ड्राइव शुरू की गई है। लेकिन हर दिन हो रही लेटलतीफी, भीड़ और अव्यवस्था ने यात्रियों का भरोसा डगमगा दिया है। अब सवाल यह है कि क्या रेलवे प्रीमियम किराए के बदले प्रीमियम सेवा दे पाएगा या फिर यह भी बाकी लोकल ट्रेनों जैसी समस्या से भरी सफर बनकर रह जाएगी?

अन्य समाचार