द्रुप्ति झा / मुंबई
कुर्ला, भांडुप और आरे में हुए बेस्ट बस हादसे ने पहले ही बेस्ट यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरुवार देर रात बेस्ट बस हादसे की एक और घटना सामने आई। इस घटना के बाद बेस्ट बस यात्रियों की चिंता पहले से और भी बढ़ गई है। हादसा कुर्ला-वेस्ट, एलबीएस रोड एचपी पेट्रोल पंप के सामने हुआ। बस (रूट नंबर ४११) ने ४ कारों और ३ दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी, जिसमें दोपहिया वाहन चालक घायल हो गया। घायल व्यक्ति की पहचान शाहिद शेख के तौर पर हुई है। जानकारी के अनुसार, बेस्ट बस ड्राइवर ने बस पर से कंट्रोल खो दिया था और यह हादसा हुआ। फिलहाल, इस मामले में कार्रवाई करते हुए बेस्ट बस ड्राइवर पवन कुमार ओझा को हिरासत में लेकर केस दर्ज कर लिया गया है। कुर्ला-वेस्ट, विनोबा भावे नगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पोपट आव्हाड ने बताया कि बेस्ट बस चालक पर हमने केस दर्ज किया है। रिपोर्टों के अनुसार, बसों के ड्राइवरों को अक्सर उतनी कड़ी ट्रेनिंग नहीं मिलती, जितनी बेस्ट के स्थायी ड्राइवरों को दी जाती है।
