मुख्यपृष्ठनए समाचारमहायुति राज में डॉक्टरों की सुरक्षा पर सवाल! ... एक डॉक्टर की...

महायुति राज में डॉक्टरों की सुरक्षा पर सवाल! … एक डॉक्टर की पिटाई, दूसरे को धमकी, तीसरे की सदमे से मौत का आरोप

फिरोज खान / मुंबई
महाराष्ट्र में डॉक्टरों की सुरक्षा और कामकाज के माहौल को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फलटन के युवा डॉक्टर राजेंद्र रूपनावर की मौत के मामले में परिवार ने प्रताड़ना का आरोप लगाया है। वहीं डोंबिवली और कल्याण में डॉक्टरों के साथ कथित मारपीट और धमकी की घटनाओं ने भी चिंता बढ़ाई है।
परिवार के अनुसार, विवाद २७ जुलाई को शुरू हुआ, जब एक व्यक्ति बाउंसर के साथ अस्पताल पहुंचा और बंदूक के लाइसेंस के लिए मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट मांगा। डॉक्टर ने कथित तकनीकी खामियों के कारण सर्टिफिकेट देने से इनकार किया। आरोप है कि इसके बाद उन्हें धमकी दी गई। अगले दिन डॉ. रूपनावर को सस्पेंड कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई।
हथेली पर लिखा था सुसाइड नोट
परिवार के मुताबिक, सस्पेंशन के बाद डॉक्टर ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी कथित प्रताड़ना का जिक्र किया। २९ जुलाई को उन्होंने हथेली पर सुसाइड नोट लिखकर पोस्ट किया था। परिवार का कहना है कि २५ अगस्त को वे शिकायत लेकर मुंबई आए थे। २७ अगस्त को सायन स्टेशन के पास उन्हें टावर पर चढ़ा पाया गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने उन्हें नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चार दिन बाद कार्डियक अरेस्ट से उनकी मौत हो गई। डॉक्टर की मौत के बाद फलटन अस्पताल की मेडिकल सुपरिटेंडेंट को सस्पेंड किया गया है। परिवार ने एसआईटी जांच की मांग की है। इधर, ६ जुलाई को डोंबिवली के शास्त्री नगर अस्पताल में दो डॉक्टरों और दो नर्सों से कथित मारपीट का मामला सामने आया था। कल्याण में भी एक डॉक्टर से कथित मारपीट और धमकी के बाद उनके परिवार सहित मुंबई छोड़ने की बात सामने आई है। इन घटनाओं ने डॉक्टरों की सुरक्षा और प्रशासनिक संरक्षण पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अन्य समाचार