विजय हजारे ट्रॉफी में हार्दिक पंड्या ने चंडीगढ़ के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर अपनी टीम बड़ौदा को बड़ी जीत दिलाई। पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ौदा ने ३९१ रन बनाए, जिसके जवाब में चंडीगढ़ की टीम २४२ रन पर सिमट गई। हार्दिक ने सिर्फ ३१ गेंदों में ७५ रन ठोके, जिसमें ९ छक्के और २ चौके शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट २४० से ज्यादा रहा। हालांकि, मैच के बाद चर्चा उनके गेंदबाजी करने को लेकर शुरू हो गई। पंड्या ने न सिर्फ ओपनिंग बॉलिंग की, बल्कि पूरे १० ओवर फेंकते हुए ६६ रन देकर ३ विकेट भी लिए। खास बात यह है कि बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ने उन्हें फिलहाल १० ओवर गेंदबाजी के लिए फिट नहीं माना है। इसके बावजूद विजय हजारे ट्रॉफी में उनका पूरा स्पेल डालना सवाल खड़े करता है। माना जा रहा है कि उन्होंने मैच से पहले अनुमति ली हो, ऐसा हो सकता है। इससे पहले विदर्भ के खिलाफ भी पंड्या ने १३३ रन की पारी खेली थी। अब वह न्यूजीलैंड के खिलाफ टी२० सीरीज में नजर आएंगे।
